• Mar 05, 2026

पंजाब के अमृतसर में स्थित श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल हवाई अड्डा, उत्तर भारत के दूसरे सबसे बड़े और व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। श्री गुरु राम दास सिख धर्म के चौथे गुरु और अमृतसर शहर की नींव निर्माता हैं जिन्होंने स्वर्ण मंदिर की स्थापना भी की है। अमृतसर के राजा सांसी में स्थित यह हवाई अड्डा पहले राजा सांसी हवाई अड्डे नाम से ही मशहूर रहा है, शहरी केंद्र से इस एयरपोर्ट की दूरी लगभग 11 किमी है। अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डें में यात्रियों के लिए क्या ख़ास विशेषताएं और सुविधाएं हैं, आइए इस आर्टिकल में जानते है।

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का संक्षिप्त इतिहास

  • 1930 में अंग्रेजी शासनकाल के समय इस हवाई अड्डे की नींव रखी गई थी, जिसका उपयोग उस समय सभी लोगों के लिए न होकर सिर्फ वीवीआईपी लोगों द्वारा किया जाता था। भारतीय स्वतंत्रता के बाद से इस हवाई अड्डे से राजधानी दिल्ली और श्रीनगर के लिए उड़ान सेवाएं संचालित हुईं इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली उड़ान सन् 1960 में शुरू हुई जिसकी पहली सेवा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के लिए शुरू हुई थी। जनवरी 1982 में एयर इंडिया ने मुंबई से बर्मिंघम के लिए संचालित उड़ान में अमृतसर, दिल्ली और मॉस्को को पड़ाव बनाया। कई प्रमुख विमानों के जरिए इस एयरपोर्ट को पश्चिमी जगहों को भारत के उत्तरी छोर से कनेक्ट किया। साल 2010 में इस एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु राम दास जी के नाम पर रख दिया गया वर्तमान में फरवरी 2018 से एयर इंडिया के बोइंग 787 विमानों पर बर्मिंघम के लिए नॉन स्टॉप सेवा का संचालन साल 2012 में बंद होने के बाद से दोबारा शुरू किया गया। 

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की टर्मिनल जानकारी

  • अमृतसर एयरपोर्ट पर एकीकृत टर्मिनल हैं जिसके मुख्यतः दो क्षेत्र हैं जिसे हम टर्मिनल 1 और टर्मिनल 2 के नाम से जानते हैं। टर्मिनल 1- घरेलू उड़ानें और टर्मिनल 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को संचालन, रखरखाव और प्रबंधन करता है। लगभग 40,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर फैला हुआ एकीकृत टर्मिनल 30 चेक-इन काउंटर, 26 आव्रजन काउंटर, 12 सीमा शुल्क काउंटर और दो सुरक्षा जांच बूथ के साथ स्थापित है। वर्ष में लगभग 45 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। एकीकृत टर्मिनल का उद्घाटन 25 फरवरी 2009 को किया गया है। 
  • साल 2025, सितम्बर से अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए एफटीआई-टीटीपी की सुविधा प्रदान की जा रही है। 

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आने जाने वाली घरेलू , अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस व गंतव्य

घरेलू एयरलाइंस

  • एलायंस एयर 
  • इंडिगो 
  • एयर इंडिया 
  • एयर इंडिया एक्सप्रेस 

प्रमुख घरेलू गंतव्य : दिल्ली, बेंगलुरु, गोवा, श्रीनगर, लखनऊ, कोलकाता, अहमदाबाद, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोच्चि, मुंबई, पुणे, कुल्लू, शिमला इत्यादि। 

अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस

  • एयर इंडिया 
  • एयर इंडिया एक्सप्रेस 
  • इंडिगो
  • मलेशिया एयरलाइंस 
  • कतर एयरवेज 
  • स्कूट 
  • स्पाइसजेट 
  • थाई लॉयन एयर 

प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्य : बर्मिंघम, लंदन-गैटविक, दुबई-शारजाह, कुआँलालाम्पुर, दोहा, सिंगापुर, दुबई, बैंकॉक-डॉन म्यूंग इत्यादि। 

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : सामान सेवाएं

खोया व पाया

अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों की कोई भी वस्तु/सामान खो जाता है या फिर कोई भी लावारिस सामान/वस्तु मिलती है तो उसे एयरपोर्ट के खोया पाया अनुभाग में जमा करा दिया जाता है। खोई हुई वस्तु की रिपोर्ट करने के लिए यात्री अपनी और सामान/वस्तु की पूर्ण जानकारी विवरण सहित ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। विभागीय टीम इस बारें में खोजबीन कर यात्री को सूचित करेगी। यदि बताए गए विवरण अनुसार आपका सामान सही पाया जाता है तो जरूरी दस्तावेजों को दिखाकर आप उक्त वस्तु/सामान को प्राप्त कर सकते हैं।

  • वस्तु/सामान वापस लेने के लिए खोया पाया ऑफिस सार्वजनिक छुट्टियों के अलावा शनिवार व रविवार को बंद रहता है। 
  • खोया पाया विभाग से संपर्क करने के लिए सोमवार से शुक्रवार तक जा सकते हैं, बशर्ते जांच लें कि उक्त दिन कोई सार्वजनिक अवकाश न हो। 
  • समय : सुबह 9ः30 मिनट से शाम 6ः00 बजे 
  • फोन नंबरः 91 0183 2214353, ईमेल आईडी के लिए अमृतसर एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क करें। 

खोई हुई वस्तु/सामान प्राप्त करने के लिए आवश्यक कागज़ात होना जरूरी है इसके तहत 

  • बोर्डिंग पास की प्रति/यात्रा टिकट 
  • सरकारी फोटोयुक्त पहचान प्रमाण पत्र/वैध पासपोर्ट 
  • दावा की जाने वाली वस्तु/सामान का पूर्ण विवरण 

यदि वस्तु/सामान का मालिक स्वयं उपस्थित न होकर किसी और को वस्तु प्राप्त लेने के लिए अधिकृत करे तब आवश्यक दस्तावेज 

  • मालिक की ओर से खोई हुई वस्तु/सामान प्राप्त करने के लिए जारी अधिकृत पत्र 
  • बोर्डिंग पास की प्रति
  • खोई हुई वस्तु/सामान के मालिक का सरकारी फोटोयुक्त पहचान प्रमाण पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या लाइसेंस 
  • सामान/वस्तु लेने आए व्यक्ति का फोटोयुक्त सरकारी पहचान प्रमाण पत्र 

खोया पाया विभाग संबंधी आवश्यक नियम

  • पूर्ण दस्तावेजों की प्रतिलिपियों के बिना दावा मान्य ही नहीं होगा
  • खोया पाया विभाग को खोई हुई वस्तु मिल जाने पर उसे 90 दिनों के अंदर ही ले लेना अनिवार्य हैं अन्यथा उस पर विचार नहीं किया जाएगा। 90 दिनों बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा बिना किस पूर्व सूचना के उसका निपटान कर दिया जाएगा और भविष्य में किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी के लिए हवाई अड्डा प्रबंधन उत्तरदायी नहीं होगा। 
  • नाशवान/जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं या सामान को 48 घंटे बाद नष्ट कर दिया जाता है। 
  • खोई हुई वस्तु के रखरखाव के दौरान वस्तु में होने वाले नुकसान के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन जिम्मेदार नहीं होगा। 
  • खोई हुई वस्तुओं की दावा स्वीकृति मिल जाने पर 10 दिनों के भीतर हवाई अड्डे से ही वस्तु प्राप्त कर सकते हैं वरन् एएआइ्र्र स्टोर्स में वस्तु को जमा कर दिया जाता है। जहां सामान रखने की समय सीमा 90 दिन निर्धारित है। 
  • चेक इन सामान/कस्टम आगमन क्षेत्र में खोई हुई वस्तुओं के लिए संबंधित एयरलाइन्स से संपर्क करें। 

सामान वजन : अमृतसर एयरपोर्ट पर सामान के वजन की जांच करने के लिए निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। 

सामान रैप : अमृतसर एयरपोर्ट के चेक इन क्षेत्र में सामान रैपिंग की सुविधा प्रदान की जाती है जहां प्रति बैग/सामान को रैप करने का शुल्क लगभग 300 रूपये हैं। 

अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट : यात्री गाइड

प्रस्थान 

अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानों व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए क्रमशः कम से कम 2 घंटे व 4 घंटे पहले पहुंच जाना चाहिए।

चेक इन प्रोसेस : अमृतसर एयरपोर्ट पर चेक इन प्रोसेस के लिए एयरलाइंस काउंटर, सेल्फ चेक इन कियोस्क या पहले ही ऑनलाइन वेब चेक इन सुविधा का लाभ लेकर बोर्डिंग पास प्राप्त कर सकते हैं।

आव्रजन जांच : चेक इन प्रोसेस पूरा होने के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्री आव्रजन काउंटर पर जाएं। आव्रजन अधिकारी यात्रियों के पासपोर्ट पर वैध मोहर लगाएंगे, जो कि बहुत जरूरी प्रोसेस है। 

सुरक्षा जांच : चेक इन के बाद से घरेलू यात्री सुरक्षा जांच क्षेत्र पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय यात्री आव्रजन काउंटर से सुरक्षा जांच क्षेत्र की ओर आगे बढें।

  1. इस प्रोसेस के तहत सारे हैण्डबैगेज वस्तुओं जैसे इलेक्ट्रानिक आइटम्स को नियत ट्रे में रखें और बैग व अन्य सामान को एक्सरे स्कैनिंग सिस्टम में डालें। 
  2. जांच पूरी होने पर हैण्ड बैगेज सामान वापस लें और अन्य सामान बैगेज ड्रॉप एरिया में ही रहने दें। 
  3. बोर्डिंग वेटिंग एरिया में विमान घोषणा का इंतजार करें 
  4. घोषणा होने पर बोर्डिंग पास पर दर्ज गेट संख्या पर जाएं और उड़ान सेवा में सवार हों। 

आगमन

  1. विमान से उतरते ही टर्मिनल आगमन क्षेत्र पहुंचे 
  2. अंतरराष्ट्रीय यात्री आव्रजन काउंटर पर जाएं जहां अपना पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज तैयार रखें। पासपोर्ट पर आव्रजन मुहर लगवाना अनिवार्य है। 
  3. आव्रजन के बाद बैगेज कैरोसेल से सामान लें। 
  4. सीमा शुल्क घोषणा युक्त सामान है तो रेड चैनल से जाएं अन्यथा ग्रीन चैनल के माध्यम से कस्टम्स काउंटर पर पहुंचे।
  5. टर्मिनल के निकास द्वार से बाहर आएं और प्रीपेड/ऐप टैक्सी या किसी अन्य परिवहन के माध्यम से एयरपोर्ट से नियत स्थान पर जाएं।

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं

वीजा ऑन अराइवल

  • अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वीजा ऑन अराइवल की सुविधा प्रदान की जाती है
  • आव्रजन काउंटर पर आगमन पर वीजा प्राप्त करने के लिए जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
  • आगमन पर वीजा मिलना भारतीय गृह मंत्रालय और दूतावासों के नियमों और दिशानिर्देशों पर निर्भर करता है जहां सभी मापदंडों का पालन करना जरूरी है।

फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम ( एफटीआई-टीटीपी )

  • एफटीआई-टीटीपी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सुविधा के लिए आव्रजन प्रक्रिया को तेज़ और आसान बनाने के लिए इस सुविधा को लॉन्च किया गया है। इस सुविधा को 21 प्रमुख भारतीय हवाई अड्डों पर प्रदान किया जा रहा है जिसमें से अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी एक है। 
  • इस प्रक्रिया के तहत बायोमेट्रिक तकनीकों (जैसे फिंगरप्रिंट और फेस रिकग्निशन) के माध्यम से सत्यापन बहुत थोड़े समय में ही संपन्न हो जाता है।
  • स्वीकृति मिलने पर अमृतसर एयरपोर्ट पर ई गेट पर अपना बोर्डिंग पास और पासपोर्ट स्कैन कर आगे बढें।

क्या है नियम

  • एफटीआई-टीटीपी प्रक्रिया के तहत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना जरूरी है जिसमें आवश्यक दस्तावेजों जैसे पासपोर्ट इत्यादि को अपलोड कर बायोमेट्रिक तरह से सत्यापित कर दिया जाता है।
  • एक बार पंजीकरण हो जाने और स्वीकृति मिल जाने पर यह सदस्यता 10 वर्षों या पासपोर्ट की समाप्ति अवधि तक वैध रहती है।

कैसे करें आवेदन

  • इस प्रक्रिया में पंजीकरण करने के लिए एफटीआई-टीटीपी वेबसाइट पर आवेदन और दस्तावेज अपलोड करें।
  • चयनित हवाई अड्डे या नजदीकी एफआरआरओ कार्यालय में बायोमेट्रिक कराएं।
  • स्वीकृति मंजूर हो जाने पर चयनित एयरपोर्ट्स पर ई गेट पर अपने बोर्डिंग पास और पासपोर्ट को स्कैन कर आगे बढें।

अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट : यात्री विशेष सुविधाएं

आगंतुक प्रवेश टिकट व सशुल्क स्वागत व अभिनंदन सेवाएं : अमृतसर एयरपोर्ट पर प्रवेश करते ही विशेष स्वागत और एयरपोर्ट संबंधी प्रक्रियाओं को संपन्न करने के लिए सशुल्क सेवा उपलब्ध है जहां चेक इन, सुरक्षा जांच से लेकर बोर्डिंग तक सहायता प्रदान की जाती है। 

लाउंज सेवा : अमृतसर एयरपोर्ट पर एकीकृत टर्मिनल के दोनों मुख्य हिस्सों टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 पर लाउंज सुविधा उपलब्ध है जहां आप जलपान, वाईफाई, टीवी, समाचार पत्र व पत्रिकाएं और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती है। 

मुद्रा विनिमय : अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से संबंधित गंतव्य देश की मुद्रा अपने देश की मुद्रा की वैल्यू के आधार पर एक्सचेंज कर सकते हैं। यहां ईबिक्सकैश काउंटर माध्यम से आगमन स्थल, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जांच क्षेत्र और चेक इन क्षेत्र में विदेशी मुद्रा विनिमय सेवा का लाभ ले सकते हैं। 

चेक इन काउंटर : अमृतसर एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं जिनमें से कुछ सेल्फ चेक इन कियोस्क भी हैं जहां आप बिना लंबी कतारों में लगे हुए यात्रा बुकिंग संख्या दर्ज कर मनपसंद सीट चुनते हुए बोर्डिंग पास प्रिंट करा सकते हैं। 

पेयजल सुविधाएं : अमृतसर एयरपोर्ट पर पीने की पानी की बेहतर और निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। 

चाइल्ड केअर रूम : डोमेस्टिक सुरक्षा क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा क्षेत्र में बच्चों की देखरेख के लिए व्यवस्थित कमरा उपलब्ध है जहां आप उनके कपड़े या डायपर बदलना, दूध पिलाना आदि कामों को बिना किसी परेशानी या बाधा के इत्मीनान से कर सकते हैं। 

व्हील चेयर : अमृतसर एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जो संबंधित एयरलाइन द्वारा प्रदान की जाती है। 

चिकित्सीय सुविधाएं : अमृतसर हवाई अड्डे पर एकीकृत टर्मिनल भवन चेक इन क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं जिनका संचालन और प्रबंधन कॉरपोरेट अस्पताल संभालता हैं। 

मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट : अमृतसर एयरपोर्ट पर एकीकृत टर्मिनल पर उपयुक्त स्थानों पर डिजिटल डिवाइसों की चार्जिंग के लिए प्वाइंट दिए गए हैं जहां आप मोबाइल, लैपटाप, टैब वगैरह चार्ज कर सकते हैं। 

वाईफाई : अमृतसर एयरपोर्ट पर एकीकृत टर्मिनल भवन के अंदर मुफ्त वाई फाई की सुविधा उपलब्ध है जिसे उपयोग करने की अवधि 30 मिनट है। इससे ज्यादा अवधि के लिए इस्तेमाल करने पर निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सेवा का लाभ ले सकते हैं। 

एटीएम : अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नकद निकासी के लिए विभिन्न बैंकों के एटीएम उपलब्ध हैं जिनमें भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया व पंजाब नेशनल बैंक हैं जिनकी अवस्थिति क्रमशः टर्मिनल भवन के बाहर आगमन क्षेत्र, चेक इन प्रस्थान क्षेत्र व टर्मिनल भवन के बाहर प्रस्थान क्षेत्र है। 

सैनिटरी वेडिंग मशीन : अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर महिलाओं की सुविधाओं के लिए बने वॉशरूम में सैनिटरी नैपकिन वेडिंग मशीनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। 

विशेष आवश्यकता/दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं : अमृतसर एयरपोर्ट पर विशेष आवश्यकता और दिव्यांग यात्रियों के लिए आगमन और प्रस्थान के दोनों गेटों पर रैंप सुविधा उपलब्ध है। मेन प्रवेश/निकास गेट पर सेंसर युक्त खुलने योग्य दरवाजों की सुविधा भी है। इसके अलावा दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष तरह से डिजाइन किए और उचित संकेत युक्त शौचालय उपलब्ध हैं। नेत्रहीन व्यक्तियों के लिए ब्रेल लिपि और ऑडियो सिस्टम की सुविधा भी प्रदान की गई हो। सहायता डेस्क कांउटरों की उपलब्धता आगमन/प्रस्थान क्षेत्र में जहां सामने ही पार्किंग की सुविधा भी प्रदान की गई है।

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : कैसे पहुंचे

प्रीपेड टैक्सी/ऐप टैक्सी

  • अमृतसर एयरपोर्ट पर आने जाने के लिए प्रीपेड या ऐप टैक्सी बुक कर सकते हैं जहां आराम से एयरपोर्ट की दूरी तय की जा सकती है। 

ऑटो रिक्शा,बस/एयरपोर्ट शटल

  • अमृतसर एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग 354 से जुड़ा हुआ है जिसकी दूरी अमृतसर से अजनाला तक है। अमृतसर में एयरपोर्ट आने जाने के लिए ऑटो रिक्शा या बस की सुविधा उपलब्ध है।

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : अंतिम विचार

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर में स्थित अत्याधुनिक तकनीक, अभिवादन व स्वागत, बैगेज रैंपंग के साथ ही अन्य कई सारी डिजिटल सेवाएं जैसे डिजीयात्रा एप, एफटीआई-टीटीपी और तमाम आधारभूत सुविधाओं को प्रदान करता है। आधुनिक सेवाएं घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उड़ान को सहज और सुगम बनाने के साथ ही अमृतसर एयरपोर्ट पर लगने वाले समय में भी बचत करते हैं। श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यात्रियों को न सिर्फ सहज वातावरण प्रदान करता है बल्कि स्थानीय दूरियों को कम करने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के बेहतर विकल्पों के अवसर प्रस्तुत करता है।

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास घूमने योग्य स्थान

स्वर्ण मंदिर : अमृतसर की शान गोल्डेन टेम्पल जिसे श्री हरमिंदर साहिब भी कहा जाता है। सिख धर्म के अनुयायियों के लिए बेहद पवित्र और विश्व प्रसिद्ध स्थल है। आकर्षक वास्तुकला, दिव्य आध्यात्मिक वातावरण और पवित्र विशाल सरोवर के साथ बना यह गुरूद्वारा 16वीं सदी में स्थापित किया गया था। इसका ऊपरी भाग लगभग 400 किग्रा स्वर्ण से जड़ित है। आगुंतकों को शांति और आशीर्वाद प्रदान करता यह गुरूद्वारा सभी धर्मों के लिए खुला रहता है। इस गुरूद्वारे की अमृतसर एयरपोर्ट से दूरी लगभग 12.2 किमी है। 

जालियांवाला बाग : ब्रिटिश शासन काल में यह स्थान एक दुखद घटना के लिए याद किया जाता है। 13 अप्रैल 1919 में कई हजारों भारतीय स्वंतत्रता प्रेमियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं गईं थीं, आज भी इस स्थान पर भारत के वीर वीरांगनाओं की छवियां संग्रहालय के रूप में देखने को मिलती हैं। जालियांवाला बाग अमृतसर का ऐतिहासिक प्रसिद्ध स्थल है, जो भारतीय स्वतंत्रता के मूल्यों की कीमत को आज भी दृष्टिगोचर करता है। अमृतसर एयरपोर्ट से लगभग 11.9 किमी दूर है। 

दुर्गियाना मंदिर : अमृतसर का यह मंदिर गोल्डेन टेम्पल की कॉपी कहलाता है। देवी दुर्गा को समर्पित यह मंदिर अपनी जड़ाऊ शानदार परत और नक्काशीदार चांदी के दरवाजों के कारण सिल्वर मंदिर या मिनी स्वर्ण मंदिर भी कहलाता है। देवी दुर्गा के अलावा यहां 700 साल पुराने श्री लक्ष्मी नारायण और हनुमान जी की प्रतिमाएं भी विराजित हैं। इस मंदिर के निर्माण की नींव पंडित मदन मोहन मालवीय जी ने रखी थी, मंदिर के चारों ओर बना दुर्गियाना सरोवर बेहद आकर्षित करता है। अमृतसर एयरपोर्ट से करीब 11 किमी दूरी पर है। 

गोबिंदगढ किला : अमृतसर मे स्थित यह किला आज एक शानदार संग्रहालय है जहां महाराजा रणजीत सिंह और तमाम सारे वीर योद्धाओं की कहानी को जानने का अवसर मिलता है। 18वीं सदी में बना यह किला वर्तमान में ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य के अलावा मनोरंजन और सांस्कृतिक खोजबीन का सुनहरा विकल्प प्रदान करता है। इस किले को 1760 के दशक में भंगी मिसल द्वारा बनाया गया था जिसे 1800 के दशक के समय मजबूत सैन्य गढ के रूप में बदल दिया गया जो सिर्फ महाराजा रणजीत सिंह नहीं वरन् खालसा शासन की महारानी और कुशल रणनीतिकार सदा कौर की वीरता की कहानियों को भी बयां करता है। यह किला अमृतसर एयरपोर्ट से लगभग 10.8 किमी की दूरी पर है। 

वाघा बॉर्डर : अटारी वाघा बॉर्डर नाम से प्रसिद्ध यह स्थल अपने ध्वजारोहण समारोह के लिए भारतीयों के दिलों में विशेष जगह रखता है। हर दिन यहां हजारों की संख्या में पर्यटक देशभक्ति और उत्साह से परिपूर्ण वातावरण में जयहिंद के नारों की गूंज और सकारात्मक वातावरण से रूबरू होते हैं। भारत और पाकिस्तान के प्रतिस्पर्धा पूर्ण संबंधों को प्रदर्शित करते इस बॉर्डर पर हर एक भारतीय का उल्लास देखते बनता है। वाघा बॉर्डर की अमृतसर एयरपोर्ट से दूरी लगभग 34 किमी है जिसे आप स्थानीय परिवहनों के माध्यम से आराम से तय कर सकते हैं। 

अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रा के दौरान अक्सर पूछे जाने योग्य प्रश्न उत्तर

प्रश्न 1ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमृतसर शहरी केंद्र से लगभग कितनी दूरी पर स्थित है ?

उत्तर 1ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर के शहरी केंद्र से लगभग 11 किमी की दूरी पर स्थित है। 

प्रश्न 2ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आधिकारिक नाम सिख धर्म के कौन से गुरू हैं ?

उत्तर 2ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आधिकारिक नाम श्री गुरू राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है जो सिख धर्म के चौथे गुरू और अमृतसर शहर के संस्थापक हैं। 

प्रश्न 3ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कितने टर्मिनल हैं ?

उत्तर 3ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एकीकृत टर्मिनल है जिसके दो प्रमुख भाग हैं जहां से घरेलू उड़ानें टर्मिनल 1 व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें टर्मिनल 2 से संचालित होती हैं। 

प्रश्न 4ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का क्षेत्रफल कितना है ?

उत्तर 4ः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का क्षेत्रफल करीब 40175 वर्ग मीटर है। 

प्रश्न 5ः क्या, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मुद्रा विनिमय काउंटर उपलब्ध हैं ?

उत्तर 5ः जी हां, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मुद्रा विनिमय काउंटर अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा क्षेत्र, आगमन क्षेत्र और चेक इन क्षेत्र में उपलब्ध हैं। 

प्रश्न 6ः वर्तमान में अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्वामित्व किसके पास है ?

उत्तर 6ः वर्तमान में अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्वामित्व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पास है। 

प्रश्न 7ः क्या, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वीजा ऑन अराइवल की सुविधा उपलब्ध है ?

उत्तर 7ः जी हां, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ देशों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा उपलब्ध है। भारतीय वीजा वेबसाइट के माध्यम से पात्रता चेक कर लें। 

प्रश्न 8ः क्या, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर महिलाओं के लिए सेनिटरी नैपकिन वेंडिग मशीन उपलब्ध है ?

उत्तर 8ः जी हां, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर महिलाओं के लिए सेनिटरी नैपकिन वेंडिग मशीन एयरपोर्ट के फीमेल वॉशरूम में उपलब्ध है। 

प्रश्न 9ः क्या, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए मुफ्त पार्किंग सुविधा प्रदान की जाती है ?

उत्तर 9ः जी नहीं, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए सशुल्क पार्किंग सुविधा प्रदान की जाती है। 

प्रश्न 10ः क्या, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा एप के अन्तर्गत फेस रिकग्निशन सुविधा मिलती है ?

उत्तर 10ः जी हां, अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा एप के अन्तर्गत फेस रिकग्निशन तकनीक के तहत प्रवेश, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग प्रोसेस में लगने वाले समय की बचत के साथ ही ऐप में अपना बोर्डिंग पास स्कैन कर कागजी कार्रवाई कम कर सकते हैं। 

प्रश्न 11ः क्या, डिजीयात्रा एप का उपयोग अंतरराष्ट्रीय उड़ान यात्राओं में किया जा सकता है ?

उत्तर 11ः जी नहीं, डिजीयात्रा एप का उपयोग केवल घरेलू उड़ानों में ही किया जा सकता है। 

प्रश्न 12ः सितम्बर 2025 से अमृतसर इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए आव्रजन प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने के लिए कौन सी सुविधा प्रदान की जा रही है ?

उत्तर 12ः सितम्बर 2025 से अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए आव्रजन प्रक्रिया त्वरित और सरल बनाने के उद्देश्य से फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम लॉन्च किया गया है, इसे बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगरप्रिंट व फेस रिकग्निशन) के माध्यम से संपन्न किया जाता है।