कई बार हमें मजबूरी में यात्रा करने की जरूरत होती है। कभी कोई व्यक्ति बीमार है तो उसे इलाज के लिए एक से दूसरे शहर या देश में जाना होता है। फिर किसी दुर्घटना के कारण उसके हाथ पैर में चोट है तो उस सूरत में यात्रा करना अपने आप में एक कठिन काम होता है। लेकिन, ऐसे में चिंता की बात नहींं है क्योंकि विमान कंपनियां अपने यात्रियों को हर सुविधा देने का प्रयास करती है। आपको बतादें कि हवाई अड्डे से लेकर विमान तक मरीजों, दिव्यांगों और सीनियर सीटिजेन के लिए हर तरह की व्यवस्था की जाती है। अगर आप जानना चाहते कि विमान में मरीजों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं तो यहां हम आपसे साझा करने जा रहे हैं।
अगर आप किसी दिव्यांग या बीमार के साथ हवाई यात्रा कर रहे हैं तो आपको परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। हवाई अड्डे पर ऐसी कई सारी सेवाएं हैं जिनका इस्तेमाल कर के आप अपनी यात्रा को सुगम बना सकते हैं। अगर आपात स्थिति में आपको मेडिकल असिस्टेंट की जरूरत पड़ती है तो आप एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल स्टेशन पर जा सकते हैं। जहां आपको प्रोफेशनल मेडिकल वर्कर मिलते हैं। साथ ही आपको आपके जरूरत के हिसाब से दवाईयां भी उपलब्ध कराई जाती है। यहां आप व्हील चेयर या फिर स्ट्रेचर की सुविधा का भी लाभ ले सकते हैं। अगर किसी मरीज को यहां आराम करना है तो हवाई अड्डे पर रेस्ट रूम की व्यवस्था भी कराई जाती है।
अगर आप या आपके परिवार में कोई चलने फिरने में असमर्थ है और आप उसके साथ यात्रा कर रहे हैं तो आप बहुत ही आसान प्रोसेस का इस्तेमाल करके व्हील चेयर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आपको हवाई अड्डे पर मौजूद किसी ग्राहक सेवा अधिकारी से संपर्क करना होता है। जो आपके लिए व्हील चेयर की व्यवस्था करवा देते हैं। इसके अलावा बेहतर यह होता है कि आप अपनी यात्रा को शुरु करने से पहले ही जिस भी विमान कंपनी के विमान में आप सफर कर रहे हैं उनसे संपर्क कर के अपने लिए व्हील चेयर बुक करा सकते हैं। आपको बतादें कि विमान में व्हील चेयर की सेवा निःशुल्क होती है।
ज्यादातर विमान कंपनियांं यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने साथ व्हील चेयर ले जाने की अनुमति देती है। आपको बतादें कि अगर आप मेडिकली अनफिट हैं और आपके पास इससे संबंधित मेडिकल सर्टिफिकेट है तो आप अपने बैगेज में व्हील चेयर को शामिल कर सकते हैं इसके लिए आपको कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होता है। हालांकि, हवाई अड्डे पर और विमान के भीतर आप अपने व्हील चेयर का प्रयोग नहीं कर सकते हैं। इसके पीछे का कारण आपके व्हील चेयर का आकार होता है। दरअसल विमान के भीतर लॉबी की चौड़ाई ज्यादा नहीं होती है। ऐसे में विशेष तरह से डिजाइन किए गए व्हील चेयर ही विमान के भीतर प्रयोग में लाए जा सकते हैं।