• Jan 19, 2026

जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राजस्थान राज्य का प्रमुख एयरपोर्ट है जिसकी अवस्थिति राजधानी जयपुर के शहरी केंद्र से 10 किमी दूरी पर स्थित है। राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं का उल्लेखनीय प्रतिविम्ब जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को अनोखा अनुभव प्रदान करता है। पीपीपी मॉडल पर बना यह हवाई अड्डा जयपुर के दक्षिणी उपनगर सांगानेर क्षेत्र में स्थित है जहां रोज की उड़ानों की वजह से इसकी गिनती देश के 13वें सबसे व्यस्त हवाई अड्डे के रूप में होती है, जहां एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल द्वारा इसे 2015, 2016 व 2018 में लगातार तीन बार हर साल 2 से 5 मिलियन यात्रियों की श्रेणी में इसे विश्व के सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे की 11वीं रैंक का पुरस्कार मिला हुआ है, आइए जानते हैं जयपुर हवाई अड्डे के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हैं।

जयपुर इंटरनेशनल हवाई अड्डे का ऐतिहासिक परिचय

राजस्थान का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है जिसकी कला व संस्कृति, संपन्न विरासत इसे और भी ज्यादा विशेष और महत्वपूर्ण बनाती है। यूनेस्को वैश्विक संस्था द्वारा भारत के गुलाबी शहर के रूप मे घोषित जयपुर नियोजित शहर के सर्वश्रेष्ठ उदाहरणों में से एक है जो राजस्थानी पर्यटन शहरों जैसे जोधपुर, जैसलमेर, उदयपुर, कोटा और माउंट आबू के प्रवेश बिन्दु के रूप में काम करता है इसके अलावा जयपुर शहर दिल्ली, आगरा के साथ पश्चिमी स्वर्ण त्रिकोण पर्यटन सर्किट का भाग भी है। 

जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एयरपोर्ट रोड, सांगानेर, जयपुर में स्थित इस एयरपोर्ट पपर दो यात्री टर्मिनल और एक कार्गो टर्मिनल है जहां एकमात्र रनवे है जिसकी लंबाई लगभग 3,407 मीटर लंबा है। 29 दिसम्बर 2005 में इस हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिला हुआ है। साल 2009 में टर्मिनल 2 का उद्घाटन संपन्न हुआ, जिसका साल 2019 में और भी अधिक विस्तार कने की योजना से इसके रनवे की प्रत्येक दिशा में लगभग रूप से 20 मीटर चौड़ाई को बढाया गया जिसमें प्रस्थान क्षेत्र में एक हॉल, तीन कन्वेयर बेल्ट व 2 नए एयरोब्रिज भी बनाए गए।

टर्मिनल जानकारी

  • जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो टर्मिनल सुविधा है जिसे टी 1 व टी 2 नाम से जानते हैं। जयपुर हवाई अड्डा तकरीबन 22,950 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है जहां यात्रियों की सुविधा के लिए कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। देश भर के प्रमुख शहरों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उड़ानें संचालित की जाती है।
  • माल भाड़े ढुलाई के लिए यहां पर कार्गो टर्मिनल भी है, जहां से सामान आयात निर्यात का काम संपन्न किया जाता है।
  • वर्तमान में आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार केवल टर्मिनल 2 ही चालू हैं।

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आने जाने वाली प्रमुख एयरलाइन्स

  • एयर इंडिया 
  • एयर एशिया 
  • अकासा एयर 
  • एयर इंडिया एक्सप्रेस 
  • एयर अरबिया 
  • एलायंस एयर 
  • इंडिगो 
  • सलामएयर 
  • स्पाइसजेट 
  • थाई एयरएशिया 
  • स्टार एयर
  • एतिहाद एयरवेज 

राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख शहरों जैसे मुंबई छत्रपति, दिल्ली, अहमदाबाद, गोवा, बेंगलुरू, गुवाहाटी, वाराणसी, पुणे, हैदराबाद कुल्लू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विदेशी शहर दुबई, शारजाह, कुआलालंपुर, बैंकॉक-डॉन मुआंग, बेलगाम अबू धाबी, मस्कट जयपुर एयरपोर्ट के माध्यम से आराम से जा सकते हैं।

एयरपोर्ट पर मिलने वाली जरूरी सेवाएं व सुविधाएं

डिजीयात्रा सुविधा : जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यह सुविधा सुरक्षा जांच एरिया के गेट पर ही उपलब्ध है।

प्रणाम मिलना और अभिवादन सेवा : जयपुर एयरपोर्ट पर आप प्रणाम सर्विस के जरिए विशेष स्वागत और उड़ान तक सारी प्रक्रिया के लिए मदद प्राप्त कर सकते हैं। इस सेवा के माध्यम से यात्रियों को आरामदायक व एयरपोर्ट की अनावश्यक चिंताओं से मुक्ति मिल जाती है। प्रणाम सर्विस लेने के लिए किसी भी उड़ान श्रेणी या एयरलाइन के यात्री आवेदन कर सकते हैं। आवश्यकतानुसार जरूरी पैकेज के अन्तर्गत मदद, परिवार और सीनियर सिटीजन लोगों के लिए आत्मीय देखभाल और सभी के लिए परिवहन सुविधा मिलती है। आरक्षण और पूछताछ के लिए आप 8905998595 या 8905998574 फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए ऑफिशियल वेबसाइट विजिट करें। 

वाई फाई सर्विस : जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री 30 मिनट के लिए फ्री वाई फाई सेवा के तहत इंटरनेट उपयोग कर सकता है। यहां आप मोबाइल नंबर और उसके माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर वाई फाई सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप वाई फाई सेवा का इस्तेमाल नहीं कर पा रहें है या आपके पास अंतरराष्ट्रीय नंबर है तो इसके लिए आप सूचना केंद्र पर मौजूद वाई-फाई टीम के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। 

खोया पाया विभाग सेवा : जयपुर एयरपोर्ट पर आपकी कोई चीज खो जाती है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है

  • एयरपोर्ट पर आप अपनी खोई हुई वस्तु की रिपोर्ट करने के लिए खोया पाया विभाग में संपर्क कर वस्तु के विवरण जमा कर दें।
  • इसके लिए संपर्क नंबर 9928585726 या ऑफिशियल वेबसाइट पर बताई गई ई मेल पर भेज सकते हैं।
  • इसके बाद 48 घंटे के आसपास खोया पाया टीम सत्यापन कर यात्री को प्रतिक्रिया प्रदान करेगी।

यदि आपके विवरण अनुसार वस्तु सत्यापित हो जाती है तो आपको जरूरी दस्तावेजों के साथ खोई हुई वस्तु के लिए दावा करना है।

  • इसके लिए जरूरी दस्तावेज बोर्डिंग कार्ड की प्रति,
  • पासपोर्ट या सरकारी पहचान प्रमाण पत्र, 
  • दावा की गई वस्तुओं का विवरण,
  • यदि किसी और की तरफ से दावा कर रहें हैं तो मालिक द्वारा भरा और हस्ताक्षरित पत्र जिसमें दावा की गई वस्तु का विवरण हों।
  • इसके अलावा सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान प्रमाण पत्र जैसे पासपोर्ट/आधार कार्ड/वोटर आईडी कार्ड 

ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से भी खोई या मिली हुई वस्तु की सूचना प्रदान कर सकते हैं, इसके साथ अपनी उड़ान जानकारी को भी बताना जरूरी है। 

शिशु देखभाल कक्षः अगर आप शिशु के साथ जयपुर एयरपोर्ट के माध्यम से हवाई यात्रा कर रहें हैं तो यहां आपको प्रस्थान, आगमन और सुरक्षा जांच के बाद के प्रतीक्षा क्षेत्र में शिशु देखभाल कक्ष में आप उनके डायपर बदलने से लेकर फीडिंग भी करा सकते हैं। 

कार्गो सेवाः जयपुर एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा के तहत माल ढुलाई करा सकते हैं। जिसमें कई सेवाएं उपलब्ध हैं जैसे अंतरराष्ट्रीय व घरेलू स्तर पर आयात और निर्यात प्रबंधन, विशेष माल ढुलाई संबंधी वस्तुएं, माल ढुलाई सुविधा और हैण्डलिंग उपकरण है। माल ढुलाई सुविधा के संचालन का समय इस प्रकार है-

  • स्वीकृति/वितरण- सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे
  • कस्टम-सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे
  • बैंक सुविधा-सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे
  • स्थानीय परिवहन-सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे
  • हवाई अड्डा स्वास्थ्य अधिकारी- सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे

सामान संबंधी समस्याओं के लिए समाधान डेस्क : आगमन क्षेत्र में स्थित है।

चिकित्सीय : जयपुर एयरपोर्ट पर महात्मा गांधी अस्पताल जयपुर से विशेष स्वास्थ्य सेवा केंद्र और मेडिकल क्लीनिक को सभी अनिवार्य आवश्यकताओं के अनुरूप नियुक्त किया गया है, जहां टीम 24/7 उपलब्ध रहती हैं। आप चाहें तो हवाई यात्रा करने से पहले किसी भी तरह के चिकित्सीय या स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न के लिए एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन-जयपुर से संपर्क कर सकते हैं। 

कम गतिशीलता वाले यात्रियों के लिए विशेष सुविधाः जयपुर एयरपोर्ट में विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों के लिए सुलभ सेवाएं मौजूद हैं जहां व्हीलचेयर की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाती है। प्रवेश द्वार के पास स्थित काउंटर से आप निःशुल्क व्हीलचेयर प्राप्त करने के लिए एयरलाइंस से संपर्क कर सकते हैं। 

धूम्रपान लाउंज : जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर धूम्रपान करने के लिए धूम्रपान लाउंज बने हुए है जहां घरेलू या अंतरराष्ट्रीय यात्री धूम्रपान कर सकते हैं। 

पर्यटक काउंटर : अगर आप पर्यटन के उद्देश्य से जयपुर एयरपोर्ट का रूख करते हैं तो राजस्थान राज्य को एक्सप्लोर करने के लिए पर्यटन यात्री टर्मिनल के आगमन द्वार पर सुविधा काउंटर पर संपर्क कर सकते हैं। 

भोजन और शॉपिंग सुविधा : जयपुर एयरपोर्ट पर लज़ीज स्वाद का मज़ा लेने के लिए कैफे, डाइनिंग और नाश्ते के रेस्टोरेंट में समय बिता सकते हैं। इसके अलावा यहां शॉपिंग का आनंद लेने के लिए शुल्क मुक्त शॉपिंग का आनंद ले सकते हैं जिसमें ब्रांडेड परिधान और फैशन एसेसरीज के साथ बहुत कुछ खरीदारी कर सकते हैं। गिफ्ट, पुस्तकें और स्मृति चिन्हों को खरीद सकते है।ं जयपुरिया हथकरघा और हस्तशिल्प के उत्पादों की विविध श्रृंखला को खरीद सकते हैं।

जयपुर एयरपोर्ट पर अपनाने योग्य सुझाव

  • घरेलू यात्राओं के लिए कम से कम 2 घंटे और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए कम से कम 4 घंटे पहले पहुंचे। 
  • यात्रा के लिए आवश्यक दस्तावेज संभाल कर रखें। जैसे सरकारी पहचान प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, वीजा (अगर जरूरी है) रखें। 
  • चेक इन बैग्स में अपने नाम, मोबाइल नंबर और पते के साथ लेबल या स्टीकर लगाएं और हैंड बैग में बहुत जरूरी सामान ही रखें। 
  • सुरक्षा जांच में आपसी सहयोग की भावना रखें और ट्रे में सामान रखकर जांच करवाएं। 

जयपुर एयरपोर्ट पर फॉलो की जाने वाली यात्री गाइड

आगमन:

इमिग्रेशन : जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आगमन करने पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को इमिग्रेशन विभाग में जाना जरूरी है जहां अप्रवासन और ई वीजा संबंधित ज्यादा जानकारी के लिए क्रमशः ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन व भारतीय वीजा की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।

आव्रजन क्लियर होने के बाद आपको सामान प्राप्ति क्षेत्र में कन्वेयर बेल्ट सिस्टम पर सामान लेकर सुनिश्चित सीमा शुल्क (यदि लागू है) देकर क्लियर कराना होता है। 

आगमन करने वाले यात्रियों के निकास के लिए प्रमुखतः दो चैनल हैं जो सीमा शुल्क की कैटेगरी प्रदर्शित करते हैं। 

ग्रीन चैनलः यदि आपके पास कोई सीमा शुल्क सामान या वस्तु नहीं है तो आपको कोई घोषणा करने की जरूरत नहीं है। 

रेड चैनलः यात्री के पास यदि सीमा शुल्क योग्य सामान या वस्तु हैं तो उन्हें इसके लिए घोषणा आवश्यक है। 

इससे जुड़ी अधिक जानकारी के लिए सीबीईसी की सरकारी ऑफिशियल वेबसाइट विजिट करें।

टर्मिनल 2 पर घरेलू उड़ानों के आगमन के लिए 3 कन्वेयर बेल्ट सिस्टम यानी बैगेज कैरोसेल मौजूद हैं। 

प्रस्थान:

चेक इन : एयरलाइन से सफर करने के लिए समय से पहुंचना बेहद जरूरी है जहां घरेलू उड़ानों से पहले 2 घंटे और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 4 घंटे पहले पहुंचना जरूरी है। एयरपोर्ट पर समय का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है, इसके अलावा उड़ान की विस्तृत जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करना जरूरी है। 

चेक इन प्रक्रियाः 

  • घरेलू यात्रा के लिए अपना ई टिकट और वैध सरकारी फोटो पहचान प्रमाण पत्र होना जरूरी है और अंतरराष्ट्रीय स्तरीय यात्राओं के लिए कम से कम 6 माह वैधता वाला पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज साथ रखें।
  • चेक इन प्रक्रिया को आगे बढाने के लिए काउंटर पर जाएं, इसके अलावा कोई सामान है तो उसका पंजीकरण अवश्य करा लें। 
  • चेक इन पूरा होने पर बोर्डिंग पास मिलने के बाद सुरक्षा जांच प्रक्रिया के लिए आगे बढे जहां सीआईएसएफ से बोर्डिंग पास पर मोहर अवश्य लगवाएं। अगर आप अंतरराष्ट्रीय यात्रा कर रहे हैं तो सुरक्षा जांच प्रक्रिया से पहले आव्रजन संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करें। 

सामान भत्ता : केबिन/चेक इन बैगेज भत्ता प्रत्येक एयरलाइन्स पॉलिसी पर निर्भर करता है, इसकी विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस पर जानकारी प्राप्त करना चाहिए। 

सुरक्षा : जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए महत्वपूर्ण मानकों का पालन किया जाता है जिसमें नागरिक सुरक्षा ब्यूरो के साथ मिलकर यात्रियों/नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। 

  • चेक इन या केबिन बैगेज में कोई भी प्रतिबंधित वस्तु ले जाना अनिवार्य रूप से मनाही है। हैंड लगेज की अच्छी तरह से जांच होती है और उस सामान को एक्स-रे मशीन से गुजारा जाता है।
  • अगर आपके पास कोई भी इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे लैपटॉप, मोबाइल, टैबलेट को लेकर यात्रा कर रहे हैं तो सुरक्षा चौकियों पर अधिकारियों के निर्देशानुसार उन्हें अलग-अलग ट्रे में रखा जाता है। 
  • कुछ वस्तुएं केबिन बैगेज में ले जाना सख्त मना है जिसकी जानकारी चेक इन के समय कर्मचारी या चेक इन काउंटर पर लगी डिस्पले के माध्यम से भी बताई जाती है।
  • कोई लावारिस संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि समझ आए तो इसकी सूचना तुरंत एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मचारियों या एयरपोर्ट मैनेजर को देना जरूरी है। 

अप्रवासन : अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को चाहे विदेशी हों या भारतीय, आगमन और प्रस्थान दोनों ही समय पर आव्रजन जांच कराना जरूरी है। आव्रजन काउंटर पर पासपोर्ट पर आव्रजन अधिकारियों द्वारा मोहर लगवाना जरूरी है और काउंटर छोड़ने से पहले इस बात को सुनिश्चित भी कर लेना चाहिए जिससे बाद में किसी समस्या का सामना न करना पडें। आव्रजन के समय पासपोर्ट, वीजा (यदि लागू है तो) दिखाना जरूरी है।

कोविड प्रोटोकॉल

जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोविड महामारी से सुरक्षा के लिए प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है जिसमें आरटीपीसीआर टेस्ट की प्री बुकिंग करा सकते हैं। ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों के लिए दिशा निर्देश के लिए एयरपोर्ट की वेबसाइट देखें।

हवाई अड्डे पर:

  • टर्मिनल के अंदर हमेशा मास्क पहनना अनिवार्य है, वरन् आपको यात्रा करने से रोका जा सकता है।
  • हाथों को साफ रखें साथ ही एयरपोर्ट पर विभिन्न जगहों पर हैंड सैनिटाइजर बूथ लगे हैं जहां से आप हैण्ड सैनिटाइज कर सकते हैं। 
  • टर्मिनल में प्रवेश करने से पहले आपके शरीर का तापमान चेक किया जाता है, यात्रियों का सहयोग अपेक्षित है।
  • टर्मिनल भवन के कई स्थानों पर 24/7 सैनिटाइजिंग टीम कार्यरत हैं जहां कई जगहों पर चेक इन डेस्क, सुरक्षा सहित सुरक्षात्मक स्क्रीन लगाई गई हैं।
  • सुरक्षा बूथों पर समय अधिक लगें तो कृपया धैर्य बनाए रखें।

कैसे पहुंचे जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

प्रीपेड टैक्सी : जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक आने जाने के लिए आगमन हॉल से ही प्रीपेड टैक्सी या कार किराए पर लेने की सुविधा प्राप्त होती है। 

ऐप आधारित : जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने या वहां से आने के लिए ओला या उबर टैक्सी ऐप का इस्तेमाल कर आप ऐप आधारित कैब टैक्सी सेवा का उपयोग कर सकते हैं। 

बस : जवाहर नगर बस स्टैंड, सोडाला बस स्टैंड, दुर्गापुरा बस स्टैंड और सिंधी कैंप से जयपुर हवाई अड्डे के लिए नियमित बसें चलती हैं। हवाई अड्डे के लिए चलने वाली बसें मानक बसें व लो-फ्लोर बसें हैं जहां यात्रियों को सुलभ वातावरण मिलता है। आप चाहें तो बसों की ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकते हैं। 

स्वयं के वाहन द्वारा : स्वयं की कार या दो पहिया वाहन से जयपुर एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। एयरपोर्ट पर पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध है जहां आप स्वयं के वाहन से आराम से जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंच सकते हैं। 

जयपुर एयरपोर्ट के आसपास घूमने योग्य जगहें 

राजस्थान का प्रवेश तोरण द्वारः राजस्थान में स्वागत का विशेष अनुभव प्रदान करता तोरण द्वार जयपुर एयरपोर्ट से करीब 1.5 किमी ही दूर है जहां बारीक नक्काशी और बलुआ पत्थर से बना यह द्वार राजस्थान की पारंपरिक शैलियों का चित्रण करता हुआ शानदार आकर्षण प्रदान करता है। पर्यटक यहां ढेर सारी फोटोग्राफ्स क्लिक कर सकते हैं। 

जलधाराः जयपुर एयरपोर्ट से नजदीक ही करीब 6 किमी दूरी पर स्थित जलधारा जगह अपने फव्वारों और हरे भरे वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां आप प्रकृति की गोद में बैठकर शांत और सुंदर नजारों को देख सकते हैं जहां पानी के किनारे घंटों उसका आनंद लेने के साथ ही उद्यान भ्रमण कर सकते हैं। 

सिसोदिया रानी गार्डन : शानदार सीढी उद्यान की भव्य छवि प्रदान करता सिसोदिया रानी का बाग जिसका निर्माण 1728 में जयपुर के महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने अपनी दूसरी पत्नी उदयपुर की राजकुमारी के सम्मान में करवाया था। भारत की आकर्षक वास्तुकला श्रेणियों का प्रतिनिधित्व करता यह गार्डन बहुस्तरीय उद्यान है जो अपने विशेष मंडप, फव्वारों, हरियाली और जलधाराओं की वजह से विशेषतया आकर्षित करता है। जयपुर एयरपोर्ट से दूरी करीब 10 किमी है। यहां भगवान कृष्ण के भित्ति चित्र और शांत वातावरण आध्यात्मिकता को बढाते हैं। 

जंतर मंतर : जयपुर में बना जंतर मंतर यूनेस्को वैश्विक धरोहर स्थल है जहां प्राचीन और प्रतिभाशाली भारत की वैज्ञानिकता का शानदार आकर्षण देखने को मिलता है। करीब 18वीं सदी में बना यह स्थल खुला वेधशाला परिसर है जिसे पत्थर और संगमरमर से बनाया गया है जयपुर हवाई अड्डे से इसकी दूरी करीब 14 किमी है। इसका सबसे लोकप्रिय और आश्चर्यजनक यंत्र वृहद सूर्य घड़ी है जो सटीक समय बताती है। 

अल्बर्ट हॉल संग्रहालय : जयपुर में स्थित राजस्थान का सबसे पुराना संग्रहालय है जो जयपुर एयरपोर्ट से लगभग 13 किमी की दूरी पर है। इंडो सारसेनिक वास्तुकला और अद्भुत कलाकृतियों को प्रदर्शित करता यह इमारत सन् 1876 में बनाई गई थी जिसकी बारीक जटिल नक्काशी, मेहराब और पाषाण की शानदार बनावट आकर्षित करती है, इसके अलावा संग्रहालय में लघु चित्रों, काष्ठ आकृतियां, धातु वस्तुएं और वेशभूषाएं आकर्षित करती है। अद्भुत कलाकृतियों का शानदार खज़ाना और मिस्त्र की ममी का विशाल संग्रह पर्यटकों को बेहद आकर्षित करता है। 

सिटी पैलेसः जयपुर हवाई अड्डे से सिटी पैलेस की दूरी लगभग 14 किमी है जो गुलाबी शहर के भीतर वृहद परिसर में फैला हुआ है। महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय द्वारा बनवाया गया यह महल शाही निवास है जिसमें राजस्थानी वास्तुकला समृद्धि की विशेष झलक देखने को मिलती है। उद्यान, प्रांगण और शानदार इमारतों से मिलकर बना यह महल कई संग्रहालयों के लिए भी जाना जाता है, जहां राजसी वस्तुओं और वस्त्रों को देखने का अवसर मिलता है। 

हवामहल : जयपुर की सबसे प्रसिद्ध इमारत हवामहल पूरे राजस्थान की शान है जिसकी गुलाबी छवि और खिड़कियों की शोभा देखते बनती है। हवामहल की संकल्पना राजसी महलों में रहने वाली स्त्रियों के मनोरंजन के लिए आधारित थी जिसे सन् 1799 में महाराजा सवाई प्रताप सिंह द्वारा शाही प्रथा के चलते स्त्रियों के झांकने और निहारने के उद्देश्य से बनवाया था। यह 953 झरोखे हैं जिनसे पवन का बेहतर आवागमन पर्यटकों को ठंडक और सुकून का एहसास प्रदान करता है। जयपुर एयरपोर्ट से हवामहल की दूरी लगभग 14 किमी है।

निष्कर्ष

जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर्यावरणीय तकनीकों और आधुनिक सुख सुविधाओं के द्वारा यात्रियों को सुलभ और सहज वातावरण प्रदान करने के लिए अग्रसर है। सांगानेर में बना यह एयरपोर्ट राजस्थानी कला व ढंग से सराबोर शानदार वातावरण प्रस्तुत करता है, जिसकी छाप यात्रियों के दिलोदिमाग पर सकारात्मक प्रभाव डालती है। बेहतर स्वास्थ्य योजनाओं के साथ स्वच्छ परिवेश युक्त जयपुर हवाई अड्डा सिर्फ यात्रा की खूबसूरती याद नहीं बल्कि तन मन को शांति सुकून प्रदान करते लाउंज की व्यवस्था भी प्रदान करती है। आइए, जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से भारत के शानदार और खूबसूरत राजस्थान राज्य में प्रवेश करें और एक्सप्लोर करें।

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करते समय अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नोत्तर

प्रश्न 1ः जयपुर हवाई अड्डे पर यात्रा से कितने समय पहले पहुंचना चाहिए ?

उत्तर 1ः घरेलू यात्रा करने से 2 घंटे पहले व अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने से 4 घंटे पहले पहुंचना चाहिए। 

प्रश्न 2ः जयपुर हवाई अड्डे पर मुद्रा विनिमय काउंटर सुविधा प्राप्त है ?

उत्तर 2ः जी नहीं, यहां भारतीय मुद्रा निकासी के लिए एटीएम सुविधा है। 

प्रश्न 3ः क्या जयपुर एयरपोर्ट पर चिकित्सीय जरूरत होने पर सुविधा है ?

उत्तर 3ः जी हां, जयपुर एयरपोर्ट पर महात्मा गांधी अस्पताल विशेषज्ञ क्लीनिक सेवा की सुविधा उपलब्ध है। 

प्रश्न 4ः जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रेड चैनल और ग्रीन चैनल से क्या आशय है ?

उत्तर 4ः रेड चैनल के अन्तर्गत यदि सामान या वस्तु सीमा शुल्क की श्रेणी में है तो उसकी घोषणा की जाती है और ग्रीन चैनल में सामान या वस्तु सीमा शुल्क दायरे में नहीं आती तो घोषणा नहीं करनी होती है। 

प्रश्न 5ः क्या, जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोविड प्रोटोकॉल फॉलो किए जाते हैं ?

उत्तर 5ः जी हां, जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बेहद सावधानी और सतर्कता से कोविड प्रोटोकॉल फॉलो किए जाते हैं। जहां मास्क पहनना, हैण्ड सैनिटाइज और अन्य तरह की स्वच्छता पूर्ण गतिविधियां अपनाई जाती हैं। एयरपोर्ट पर उपयोग किए मास्क, फेस शील्ड, दस्ताने और पीपीई आदि के डिस्पोज की उचित व्यवस्था भी है। 

प्रश्न 6ः क्या, जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोविड जांच सुविधा उपलब्ध है ?

उत्तर 6ः जी हां, जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोविड परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है, यह स्थान एयरोब्रिज 12 के पास इंटरनेशनल आगमन पर उपलब्ध है। 

प्रश्न 7ः क्या हवाई अड्डे पर सामान जमा कर सकते हैं ?

उत्तर 7ः जी नहीं, जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्लॉक रूम/लेफ्ट लगेज रूम की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

प्रश्न 8ः जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट कैसे पहुंच सकते हैं?

उत्तर 8ः जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए प्रीपेड या ऐप बेस्ड टैक्सी/बुक करने के अलावा स्वयं की कार वगैरह से पहुंच सकते हैं। जयपुर एयरपोर्ट से बस स्टैंड की दूरी लगभग 11 किमी है जिसे आप टैक्सी/कैब से तय कर सकते हैं।

प्रश्न 9ः जयपुर एयरपोर्ट पर कितने वजन तक का सामान शुल्क रहित चेक इन करा सकते हैं ?

उत्तर 9ः मुफ्त चेक इन के लिए सामान वजन की अधिकतम सीमा 15 किलोग्राम है।

प्रश्न 10ः क्या जयपुर हवाई अड्डे पर मुफ्त वाई फाई की सुविधा उपलब्ध है ?

उत्तर 10ः जी हां, जयपुर हवाई अड्डे पर 30 मिनट के लिए निःशुल्क वाई फाई सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। इससे अधिक समय सीमा के लिए और अंतरराष्ट्रीय नंबर या वाई फाई सर्विस में किसी प्रकार का व्यवधान आने पर वाई टीम विशेष टीम से संपर्क करें।

प्रश्न 11ः क्या जयपुर हवाई अड्डे पर धूम्र्रपान किया जा सकता है ?

उत्तर 11ः जी हां, जयपुर हवाई अड्डे पर धूम्रपान करने के लिए धूम्रपान लाउंज बने हैं जो टर्मिनलों पर हैं।

प्रश्न 12ः जयपुर एयरपोर्ट पर किसी प्रकार की वस्तु खो जाने या मिल जाने पर क्या करना चाहिए ?

उत्तर 12ः जयपुर एयरपोर्ट पर किसी वस्तु के खो जाने या मिल जाने पर एयरपोर्ट के खोया पाया विभाग मे ंसंपर्क करना चाहिए और खोई हुई वस्तु की पूर्ण विवरण के साथ रिपोर्ट और मिलने पर उस वस्तु को विभाग में जमा करा देना चाहिए।

हमसे संपर्क करें
यात्रा विशेषज्ञबुकिंग की पुष्टिरद्द करना