- Jan 13, 2026
सपनों के शहर मुंबई में निजी सार्वजनिक भागीदारी पर बना नवी मुंबई का यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मुंबई के उल्वे उपनगर में स्थित है जो महानगर के दो प्रमुख हवाई अड्डों में से एक है। मुंबई शहर में पहला इंटरनेशनल हवाई अड्डा छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रहा है जिसमें यात्रियों की भीड़भाड़ कई गुना ज्यादा होने से दूसरे एयरपोर्ट की संकल्पना 1997 वर्ष में प्रस्तावित हुई जिसे साल 2007 में भारत सरकार से मंजूरी मिल गई। साल 2021 में इस परियोजना को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की तरह स्थापित किया गया जिसका हाल ही में साल 2025, अक्टूबर में उद्घाटन और 25 दिसम्बर 2025 से वाणिज्यिक परिचालन शुरू हुआ है।
नवी मुंबई एयरपोर्ट परिचय
1990 के दशक में मुंबई के प्रमुख हवाई अड्डे पर बढती यात्रियों की संख्या को नियंत्रित और व्यवस्थित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित यह परियोजना साल 2017 में आखिरी बार पर्यावरणीय रजामंदी के साथ संपूर्ण हुई। प्रारंभ में इसका निर्माण सिडको गु्रप द्वारा शुरू हुआ था जिसे आगामी वर्षों में अडानी समूह ने अधिग्रहीत कर लिया। नवी मुंबई का यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 1,160 हेक्टेयर के क्षेत्रफल में विस्तारित भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है इसे अडानी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड 74 प्रतिशत और सिडको 26 प्रतिशत के साथ पब्लिकली प्राइवेट पार्टनरशिप पीपीपी के तहत विकसित किया गया है।
नवी मुंबई इंटरनेशनल परियोजना में रूपये 19,650 करोड़ की लागत शामिल है, जिसमें अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। सार्वजनिक मूल्यों पर खरा उतरता यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अपनी आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरणीय संतुलन भी स्थापित करता है।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल
नवी मुंबई के इस एयरपोर्ट की पहुंच राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित हो रही है जहां उड़ानों की सफल परिचालन जारी है। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कार्गो टर्मिनल के साथ सामान्य विमानन टर्मिनल भी उपलब्ध हैं।
कार्गो टर्मिनल
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर दो तरह के कार्गो टर्मिनल की सुविधा है जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तरीय कार्गो टर्मिनल बने हुए है। डोमेस्टिक कार्गो टर्मिनल 33,000 वर्ग मीटर और अंतरराष्ट्रीय कार्गो टर्मिनल 23,700 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बना हुआ है जिसकी क्षमता और क्षेत्रफल भारत में सबसे बड़ी एविशन सुविधा है।
सामान्य विमानन टर्मिनल
इस हवाई अड्डे पर 67 सामान्य विमानन विमान स्टैंड हैं इसके अलावा यहां नियोजित या अनियोजित दोनों की प्रकार की हेलीकॉप्टर सुविधा के लिए अलग से विशेष हैलीपोर्ट भी बनाया गया है। वर्तमान में एयरपोर्ट टर्मिनल की क्षमता हर साल 20 मिलियन पैसेंजर को नियोजित करने की है और तथाकथित भविष्य में निर्माण पूरा होने के बाद इस हवाई अड्डे पर 90 मिलियन यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित होगी।
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए विस्तृत सपूंर्ण गाइड : स्टेप बाय स्टेप यात्रा को बनाए आसान
एनएमआईए के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण नियमों की रूपरेखा जान लेना बहुत जरूरी है जिससे कि उनका यात्रा अनुभव यादगार और सुलभ हो। यात्रियों के लिए घर से निकलने से पहले व एयरपोर्ट में एंट्री से लेकर फ्लाइट में बैठने तक कौन से नियमों की जानकारी बेहद जरूरी है, आइए जानते हैं।
घर छोड़ने से पहले हर एक महत्वपूर्ण बिंदु की चेक लिस्ट बनाएं
- घर से ही उड़ान समय सीमा और स्थिति की ऑनलाइन जांच करते रहें।
- हवाई यात्रा करने से पहले सुनिश्चित करें कि आपने आवश्यक दस्तावेज (वैध पासपोर्ट, टिकट, पहचान पत्र और वीजा) साथ रखें।
- घरेलू उड़ानों के लिए कम से कम दो से तीन घंटे पहले और अंतरराष्ट्रीय स्तर की यात्रा के लिए चार घंटे पहले पहुंचना जरूरी होता है।
- ऑनलाइन वेब चेक इन प्रक्रिया नहीं किया है तो एयरपोर्ट पर ही ऑफलाइन वेब चेक इन प्रक्रिया पूरी करके बोर्डिंग पास प्राप्त करें। आप चाहें तो चेक इन करने और नियत एयरलाइन और टर्मिनल की जानकारी के लिए ऑनलाइन डिजीयात्रा का उपयोग कर सकते हैं।
- अगर आप हवाई अड्डे तक अपनी निजी वाहन से आ रहें हैं और आपको पार्किंग सुविधा चाहिए तो पहले से ही करने के लिए नवी मुंबई एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से संपर्क कर चार पहिया या दो पहिया वाहन के लिए उचित भुगतान के माध्यम से पूर्व बुकिंग सुनिश्चित कर सकते हैं।
एनएमआईए एयरपोर्ट पर
- एयरपोर्ट पर विशेष सेवाओं का लाभ लेते हुए सामान ले जाने के लिए ट्रॉली ले सकते हैं।
- किसी भी प्रकार की सहायता के लिए सूचना डेस्क पर जा सकते हैं।
- प्रवेश करने से पहले सुरक्षा कारणो के चलते पहचान पत्र दिखाना जरूरी है।
- चेक इन प्रोसेस कर लेने के बाद आपको अपना सामान सेल्फ बैगेज ड्रॉप या चेक इन काउंटर पर जमा करना जरूरी है। जहां इन सामानों की सुरक्षा जांच होती हैं। इसके साथ ही यदि हैंड लगेज है तो अपने साथ ही सुरक्षा जांच कराएं। निजी सामान और इलेक्ट्रानिक उपकरणों की जांच के लिए वस्तुओं को अलग अलग ट्रे में रखें।
- इसके बाद बोर्डिंग पास के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की यात्रा के लिए यात्री आव्रजन संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करना आवश्यक है। आव्रजन मंजूरी के लिए पासपोर्ट और वीजा (यदि जरूरत है) साथ में रखें और पासपोर्ट पर आव्रजन मोहर लगना जरूरी है, बिना मोहर के आपको भविष्य में समस्या का सामना कर पड़ सकता है। यदि मोहर नहीं लगी है तो एएफआरआरओ/एफआरओ/एसपीएस से तुरंत संपर्क करें। आव्रजन नियमों संबंधी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क करें।
- घरेलू या अंतरराष्ट्रीय स्तर की यात्रा के लिए निर्धारित बोर्डिंग द्वार की ओर जाना है।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं
एनएमआईए अपने सभी यात्रियो के लिए बेहद खास सुविधाएं और सहज वातावरण प्रदान करता है जिनका अनुभव आनंददायक यात्रा सुविधा की बेहतर फीलिंग प्रदान करता है। चेक इन प्रक्रियाओं से लेकर सामान संबंधी सुविधाओं को अत्यधिक सरल बनाता यह एयरपोर्ट यात्रियों को निम्न कई तरह की सुविधाओं की चेक लिस्ट थमाता है।
जानकारी डेस्क : एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर पहुंचकर किसी भी हवाई अड्डे से संबंधित समस्या का समाधान पाने के लिए आसपास कोई डेस्क न होने पर आप 24/7 हेल्पलाइन नंबर 91 8454800200 डायल कर बात कर सकते हैं।
वाई फाई : एयरपोर्ट पर मुफ्त वाई फाई सुविधा का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए आपको वाई फाई सेंटिग में जाकर नवी मुंबई एयरपोर्ट वाई फाई चुन सकते हैं। वाई फाई सुविधा के लिए ओटीपी या बिना ओटीपी के फ्री वाई फाई चला सकते हैं।
परिवहन : एनएमआईएएल हवाई अड्डे की यात्रा के लिए टैक्सी या कार किराए पर ले सकते हैं इसके लिए टर्मिनल पर पिकअप पॉइंट भी मौजूद है।
शिशु देखभाल कक्षः एनएमआईए के टर्मिनल 1 पर शिशुओं की देखभाल और फीडिंग कराने के उद्देश्य से असुविधा और असहज स्थिति का सामना न करना पड़े इसलिए शिशु देखभाल कक्ष और स्ट्रोलर की सुविधाएं मिलती हैं।
डिजिटल यात्रा : एयरपोर्ट पर कई सारी सुविधाओं को ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करने के लिए डिजि यात्रा एप के माध्यम से सेवाओं और सुविधाओं को सुनिश्चित कर सकते हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की विशेष पहल हे जिसका उद्देश्य हवाई यात्रा को सभी के लिए सुगम और आसान बनाना है। इसके माध्यम से यात्री पहचान, विवरण के साथ अन्य जरूरी डेटा वेरिफाई करना और चेहरे को बायोमेट्रिक्स डिजिटल आईडी के रूप मेंं उपयोग करना है जिससे वेब चेक इन और बोर्डिंग प्रक्रिया की तेज गति से संपन्न हो जाती है और अनावश्यक कागजी कार्रवाई की झंझटों से मुक्ति मिलती है। घरेलू यात्राओं के लिए डिजी यात्रा पर एक बार पंजीकरण कराना जरूरी है।
विशेष सहायता : एयरपोर्ट पर विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों की मदद के लिए विशेष सहायता प्रदान की जाती है। एयरपोर्ट में चेक इन से लेकर बोर्डिंग तक किसी भी प्रकार से परेशानी से बचने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा गाइड किया जाता है।
बग्गी सेवा : एनएमआईए में टर्मिनल में घूमने के लिए बग्गी सेवाओं की सुविधाएं मिलती हैं जहां आप स्वचालित बग्गी का इस्तेमाल कर सकते हैं। मुख्यतया यह सुविधा सीनियर सिटीजन, शारीरिक रूप से असमर्थ, गर्भवती महिलाओं और अन्य किसी विशेष जरूरत वाले यात्रियों की सहायता के लिए बग्गी सुविधा प्रदान की जाती है। टर्मिनल के सबसे दूर स्थित गेटों के साथ बोर्डिंग गेटों पर बैटरी से चलने वाली बग्गियां शानदार अनुभव प्रदान करती है।
प्रार्थना कक्ष : एनएमआईए पर यात्रियों के लिए विशेष तरह से प्रार्थना कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है जहां वे ध्यान, प्रार्थना या थोड़ी देर के लिए शांति से बैठ सकते हैं। ये प्रार्थना कक्ष सभी धर्मों के लोगों के लिए मान्य हैं। एयरपोर्ट पर कई जगह प्रार्थना कक्ष उपलब्ध हैं।
इन सभी सुविधाओं के अलावा एनएमआईए में स्वयं सामान जमा करने की सुविधा के साथ ही यहां बच्चों के लिए खेलने की जगहें, धूम्रपान कक्ष, चार्जिंग स्टेशन, एयरपोर्ट किसी सहायता संबंधी बात के लिए फोन, एटीएम सुविधा और सामान रखने के लिए ट्रॉली की सुविधा भी मिलती है।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए सेवाएं
प्रणाम : नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत और वीआईपी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से इस सेवा को शामिल किया गया है। निजी तौर पर आने जाने वाले या ट्रांजिट करते यात्रियों के लिए एयरपोर्ट प्रक्रियाओं को अत्यधिक सुगम और सरल बनाने के उद्देश्य से सेवा को प्रणाम सेवा नाम से जाना जाता है। भारतीय संस्कृति से सराबोर मेहमाननवाजी के अद्भुत रंगों को प्रदर्शित करती यह सेवा यात्रियों के लिए लग्जरी और आरामदायक अनुभव प्रदान करती है। ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से आप अपनी यात्रा तारीख और समय के अनुसार प्रणाम सेवा के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं जिसमें आपको एयरपोर्ट संबंधी किसी भी परेशानी में तुरंत मदद मिलती है। प्रस्थान, आगमन, पारगमन और राउंट ट्रिप अनुसार प्रणाम सर्विस ली जा सकती है, इसके तहत एयरपोर्ट प्रक्रियाओं से लेकर फ्लाइट में सीट पर बैठाने तक सारी जिम्मेदारियों को पूरा किया जाता है।
शुल्क मुक्त सेवाः अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए इमिग्रेशन के बाद बोर्डिंग गेट पर पहुंचने से पहले सीमा शुल्क काउंटर पर जाना जरूरी है।
यदि आभूषण संबंधी ऊंची मूल्य की वस्तुओं को पुनः आयात कर रहें हैं तो सीमा शुल्क ड्यूटी से बचने के लिए निर्यात प्रमाण पत्र प्राप्त करना जरूरी है। जिसके लिए भौतिक सत्यापन कराने के साथ ही निर्यात प्रमाणपत्र के लिए बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में मौजूद कीमती माल शुल्क निकासी केंद्र (पीसीसीसी) जाना जरूरी है। अधिक सहायता के लिए 022 26754000 पर उप/सहायक आयुक्त से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा भारतीयों के लिए अधिकतम 25,000 रूपये तक की भारतीय मुद्रा ले जाने की छूट है, इसके अलावा नेपाल और भूटान यात्रा करते समय 500 रूपये का या इससे ज्यादा राशि का भारतीय नोट ले जाना अनुमन्य नहीं है। केवल 100 रूपये या उससे कम मूल्यराशि वर्ग वाले नोटों ही लेकर जा सकते हैं।
सीमा शुल्क नियमों संबंधी अधिक जानकारी के लिए ऑफिशियल वेबसाइट विजिट कर सकते हैं।
भोजन और ड्रिंक्स संबंधी आउटलेट : भोजन और लाजवाब ड्रिंक्स के स्वादिष्ट स्वाद के लिए टर्मिनल 1 पर कई सारे रेस्टोरेंट की विविध श्रृंखला देखने को मिलती है जहां आप थर्ड वेव कॉफी, कोकोकार्ट कैफे, वागामामा और भी कई सारे कैफे्स में एन्जॉए कर सकते हैं।
खरीदारीः एयरपोर्ट पर खरीदारी का यादगार अनुभव लेने के लिए आप टर्मिनल 1 पर कई सारे स्टोर्स पर खरीदारी कर सकते हैं। यहां सफारी, चैनल, राडो, व्यू डे लक्स जैसे कई स्टोर्स मौजूद हैं।
पार्किंगः ऑनलाइन पूर्व बुकिंग कर सकते हैं, इसके लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से वाहन प्रकार और पार्किंग में कितनी देर वाहन रखना है, समय अनुसार उचित पूर्व भुगतान कर क्यू आर कोड प्राप्त कर सकते हैं। जिसे आप एयरपोर्ट पार्किंग स्थल पर स्कैन कर गाड़ी पार्किंग में खड़ी कर सकते हैं।
वैले पार्किंग : आप चाहें तो गाड़ी पार्किंग के लिए वैले पार्किंग सेवा की मदद भी ले सकते हैं जिसके तहत टर्मिनल 1 के लेवल 2 पर मौजूद प्रस्थान क्षेत्र से वाहन को सही जगह पार्क करने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी की सुविधा मिलती है। साथ ही वाहन निकालने में भी पूर्व बुकिंग के माध्यम से आपकी गाड़ी प्रशिक्षित कर्मचारी द्वारा प्रस्थान क्षेत्र में आपको सौंप दी जाएगी। इससे आप बेकार की झंझट और अनावश्यक समय को बचा सकते हैं।
सामान सेवा : यात्रा करते समय सामान के रखरखाव और ले जाने की झंझट से बचने के लिए आपको सामान सेवा प्रदान की जाती है। इसमें आपके सारे सामान को घर या पिकअप प्वांइट से लेकर फ्लाइट तक या फ्लाइट से पिकअप प्वाइंट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पूरी की जाती है। यदि आप चाहें तो इस सेवा के माध्यम से एयरपोर्ट के क्लॉक रूम में सामान जमा कर आराम से घूमना फिरना कर सकते हैं या फिर अतिरिक्त सामान होने पर आप उसे इस सेवा के माध्यम से घर तक पहुंचा भी सकते हैं। सामान में बैग की जिप वगैरह सही करने से लेकर सामान लपेटकर रखने तक की पूरी जिम्मेदारी इस सेवा के तहत निभाई जाती है। सामान सेवा की पहले से बुकिंग के लिए ऑफिशियल वेबसाइट देखें।
नवी मुंबई पर कई तरह की सेवाएं मौजूद है जहां आप मनोरंजन क्षेत्र, अनुभवात्मक क्षेत्र, लाउंज, स्वर्ल ट्रांजिट होटल, मेडिकल केंद्र, विदेशी मुद्रा विनिमय, सिम कार्ड, फार्मेसी, स्पा सेवा, व्यापारिक मशीन का यादगार अनुभव ले सकते हैं।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कैसे पहुंचे
नवी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कई सारे विकल्पों की श्रृंखला देखने को मिलती है जिसकी मदद से आप हवाई अड्डे तक पहुंचने की यात्रा को शानदार और सहज बना सकते हैं। एनआईएमए नेशनल हाईवे 348 और आमर्रा मार्ग के साथ क्रमशः पूर्वी व पश्चिमी सीमा के साथ जुड़ा हुआ है। इसके अलावा भविष्य में यह एयरपोर्ट नवी मुंबई मेट्रो लाइन की गोल्ड लाइन से कनेक्ट किया जाएगा, साथ ही इसे मुंबई हैदराबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का टर्मिनल स्टेशन भी बनाने की योजना प्रस्तावित है।
सड़क मार्ग से
- नवी मुंबई हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए आप कैब, टैक्सी, निजी कार या शटल बस से ऑनलाइन या ऑफलाइन बुक कर जा सकते हैं। जहां नवी मुंबई एयरपोर्ट के लिए छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी कैब या शटल बस सुविधा मिलती है। एनआईएमए के पार्किंग से शटल बस की सुविधा आसानी से मिल जाती है।
लोकल ट्रेन से
- मुंबई में लोकल ट्रेन से आ रहें हैं तो नेरूल या बेलापुर स्टेशन उतर कर पैदल या रिक्शा की मदद से नवी मुंबई एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं।
- मुख्य रेलवे स्टेशन पर गौर करें तो यह एयरपोर्ट पनवेल रेलवे स्टेशन से नजदीक हैं जहां से आप टैक्सी या बस की सुविधा लेकर लगभग 30-40 मिनट में नवी मुंबई एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट की खास पेशकश : डिजिटल कला कार्यक्रम
एनएमआईए के डिजिटल कला कार्यक्रम के तहत बेहद खास और अत्याधुनिक तरह से डिजिटल रूप में कला का प्रदर्शन मनमोहक है जहां भारत के सांस्कृतिक पक्ष की विशेषता और कलावर्ग की खूबसूरती शानदार वातावरण में और भी ज्यादा मंत्रमुग्ध करती है, सकारात्मक वातावरण में आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण इन कलाकृतियों की मौजूदगी सभी को आकर्षित करती है।
महास्वागत : नवी मुंबई में स्थित इस एयरपोर्ट का ध्येय अतिथि देवो भवः को साकार रूप प्रदान करता है जहां इसकी कलामय मौजूदगी भव्य स्वागत करते हुए प्रतीत होती है। इस कलाकृति में भारत की सभी कलाओं का समावेश देखने को मिलता है जिससे भारतीय कलाओं की विविध संपन्नता और वैभव की झलक मिलती है।
अंतर यात्राः एयरपोर्ट के चेक इन क्षेत्र में बनी यह कलाकृति पूरे क्षेत्र की ऊर्जा को नई दिशा प्रदान करती है। जिसमे लगभग 4.5 मीटर के दो तरफ गोलाकार डिस्पले में बनी यह कलाकृति यात्रियों की गतिविधि अनुसार प्रतिक्रिया देकर तन मन को आकर्षित करती है। जैसे जैसे यात्री आगे बढते हैं डिस्पले में लगे दर्पण के रंग बदलते रहते हैं और कलाकृतियों के दृश्य बदलते रहते हैं। ऐसे में चेक इन क्षेत्र से आगे बढते हुए सजीव परिवर्तनों की खूबसूरती में नवी गेट तक पहुंचने में समय का पता ही नहीं चलता।
महा कथा : 9 मीटर व 6 मीटर की विशाल गोलाकृतियों में बनी यह कलाकृति किसी महान तथ्य की तरह हमेशा चलने वाली गाथा प्रतीत होती है, जिसके पृष्ठ एक एक करके खुलते हुए आकर्षित करते हैं। महा कथा प्रतीक्षा समय को ध्यान और चिंतन की तरफ मोड़ देती है। ऐतिहासिक ध्यान और मानवीय जीवन को एक साथ प्रदर्शित करती यह कलाकृति महाराष्ट्रीयन संस्कृति और कला से प्रेरित है। इसमें मानसूनी बूंदे, रजत रंग सी खेती और जीवंत चित्रण की छाप क्षणिक और दीर्घकालीन अनुभवों को प्रदान करते हैं।
महा बीट्स : एनएमआईए में रिटेल प्लाजा के केंद्रीय बिन्दु पर महाराष्ट्रीयन नृत्य कला विरासत का प्रदर्शन करती हुई जीवंत परिदृश्यों सी श्रृंखला प्रस्तुत करते हैं। महाराष्ट्रीयन गीतों पर कपड़ो और गति के संयोग से बनी भावनात्मक प्रस्तुति आधुनिक रोबोटिक्स तकनीक की मदद से डिजाइन की गई है। मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ महाराष्ट्रीयन संगीत के प्रसिद्ध संगीतकार अतुल गोगावले व अजय गोगावले द्वारा रचित धुन का वादन सुनाई देता है। नृत्यशैली रिबन की विट्ठन पाटिल की परिकल्पना को साकार करती है।
फिल्मी सफर : मुंबई बॉलीवुड के लिए मशहूर मायानगरी शहर के रूप में जाना जाता है। भारतीय सिनेमा की सम्मानित और गौरवपूर्ण उपस्थिति को प्रकाशित करते दो चमकदार रोशनी के छल्ले व दो वृहद एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित होते नाटक चित्रण जीवंत प्रदर्शन करते हैं, जिनके माध्यम से भारतीय सिनेमा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। आकाश के अंतरिक्ष में बिना किसी रूकावट से तैरते हुए दिखते छल्लों पर बॉलीवुड एरा से जुड़े फिल्मी रीलों की गति करती स्क्रीन यात्रियों को प्रगति का संदेश प्रदान करती है।
खोया पाया विभाग से जुड़ी वस्तुओं के विषय में दिशा निर्देश
खोया पाया विभाग : एनएमआईए में यदि कोई वस्तु मिल या खो जाती है तो इसकी जानकारी खोया पाया विभाग में दी जा सकती है। जिन वस्तुओं के दावे नहीं होते उनका रिकार्ड व्यवस्थित किया जाता है और इसे ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर की देखरेख में सुरक्षित रखा जाता है। वस्तु की सामग्री, विवरण रिकॉर्ड, रिपोर्टिंग तिथि व समय के साथ जमाकर्ता के हस्ताक्षर भी कराए जाते हैं। वस्तुओं को एयरपोर्ट पर सिर्फ 24 घंटे तक रखा जाता है इसके बाद इन्हें गोदाम में भेज दिया जाता है जहां से आप सुबह 9ः30 मि से शाम 5ः30 मिनट तक ले सकते हैं। गोदाम राष्ट्रीय और सार्वजनिक अवकाशों पर बंद रहता है। यदि कोई वस्तु जल्दी खराब होने वाली है तब उसे ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर की अनुमति से शीघ्र निस्तारित कर दिया जाता है। खोई हुई वस्तु की रिपोर्ट करने के लिए नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के खोया पाया सैक्शन में जाकर उचित डिटेल्स भरकर भेज सकते हैं।
यदि आप चेक इन सामान विमान में भूल जाते हैं तो ऐसी दशा में आपको सीधे एयरलाइन की वेबसाइट से संपर्क करना चाहिए जिसके लिए आधिकारिक वेबसाइट से ही विजिट करना उचित रहता है।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घूमने के लिए आसपास की जगहें
माथेरान हिल स्टेशन : एनएमआईए के पास मौजूद यह हिल स्टेशन यूनेस्को की वैश्विक धरोहर स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। संपन्न समृद्ध विविध जीवों की उपस्थिति और शानदार शांतिमय वातावरण के साथ यह हिल स्टेशन प्रकृति की चाह रखने वालों के लिए आकर्षक स्थल है।
लोनावाला हिल स्टेशनः मुंबई के पास स्थित यह हिल स्टेशन समुद्री तल से करीब 2047 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है जहां मुंबई के शहरी व्यस्तता लिए जीवन से प्रकृति की गोद का एहसास कराने वाला शानदार हिल स्टेशन है। वीकेंड और छोटे अवकाश के दौरान अक्सर पर्यटकों द्वारा विशेष रूप से पसंद किया जाता है।
एलिफेंटा गुफाएं : नवी मुंबई के नजदीक में स्थित एलीफेंटा की गुफाएं अपनी प्राचीनता और प्राकृतिक संरचना के लिए जानी जाती हैं जिसमें हिंदू देवी देवताओं की जटिल नक्काशी के साथ अन्य मूर्तियां देखने में आकर्षक लगती हैं।
निष्कर्ष
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई महानगर का शानदार हवाई अड्डा है जिसकी संकल्पना यात्रियों की सुविधाओं और सेवाओं के लिए पूर्णतया समर्पित है। पर्यटन और पर्यावरण के समावेशीय अवधारणा को फलीभूत करता यह एयरपोर्ट डिजिटाइजेशन और पारंपरिक संस्कृति की अद्भुत छटा को बिखेरता हुआ भारत के सर्वोत्तम हवाई अड्डों में से एक है। जहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की सुखद अनुभूति के लिए हर संभव प्रयास को धरातल पर अपनाया जाता है। खरीदारी से लेकर स्पा, पार्किंग से लेकर बोर्डिंग तक विविध तरह की खासियतें यात्रियों का ध्यान आकर्षित करती है। हवाई यात्रा की सुखद शुरूआती सफर एन्जॉए करना हो या हवाई ट्रिप को खास बनाना हो, ऐसे में नवी मुंबई इंटरनेशनल हवाई अड्डे का शानदार अन्वेषण रोचक और यादगार अनुभव प्रदान करता है।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संबंधित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नोत्तर
प्रश्नः नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वर्तमान में कौन सा टर्मिनल कार्यरत हैं?
उत्तरः टर्मिनल 1, एनएमआईए का कार्यरत टर्मिनल है।
प्रश्नः क्या एनएमआईए में प्रणाम सेवा कोई भी यात्री ले सकता है?
उत्तरः हां, एनएमआईए द्वारा संचालित प्रणाम सेवा सशुल्क है जिसके लिए घरेलू या अंतरराष्ट्रीय दोनों ही तरह के यात्री इस सेवा को प्राप्त करने के लिए पात्र हैं। प्रणाम सेवा के लिए पूर्व बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं।
प्रश्नः अंतरराष्ट्रीय यात्रियो के लिए चेक इन काउंटर के बाद आव्रजन काउंटर पर जाना आवश्यक है?
उत्तरः हां, अंतरराष्ट्रीय स्तर की यात्रा के लिए चेक इन और सुरक्षा जांच के बाद आव्रजन काउंटर पर जाना आवश्यक है और आव्रजन के समय पासपोर्ट पर वैध मोहर लगना अनिवार्य प्रक्रिया है।
हमसे संपर्क करें







