- Jan 23, 2026
भारत का प्रमुख शहर और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पूर्वी और उत्तरपूर्वी भारत का प्रमुख विमानन केंद्र है जिसका नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम से जाना जाता है। भारत के सबसे पुराने हवाई अड्डों में से एक नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शहर के दमदम क्षेत्र में स्थित है, इसलिए पहले इसे दमदम हवाई अड्डे के नाम से जाना जाता था। पूर्वी भारत के सबसे बड़े हवाई अड्डे के रूप में इस एयरपोर्ट का विस्तार 1670 एकड़ क्षेत्रफल पर है। उत्तरपूर्वी भारत, दक्षिण पूर्व एशिया और बांग्लादेश के लिए प्रमुख उड़ान केंद्र है, कोलकाता शहरी केंद्र से दूरी लगभग 17 किमी है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बारें में विस्तार से जानते हैं।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का इतिहास व परिचय
सन् 1924 में केएलएम ने एम्स्टर्डम से बटाविया जकार्ता की अपनी उड़ान में नियमित तौर पर कोलकाता मे ंठहराव लेना शुरू किया, इसी साल वायु सेना द्वारा विश्व का चक्कर लगाते हुए भ्रमण करने के उद्देश्य से रॉयल एयर फोर्स का विमान कोलकाता में ही लैंड किया। दमदम में इस एयरपोर्ट की शुरूआत एक खुले मैदान में हुई थी जहां 1930 से कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों द्वारा भी इसे इस्तेमाल में लाया जाने लगा। साल 1975 में कार्गो टर्मिनल, 1995 में घरेलू टर्मिनल और 2000 में नया अंतरराष्ट्रीय आगमन हॉल बनाया गया, इसके अलावा साल 1995 में ही इस एयरपोर्ट को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय नाम से जाना गया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की टर्मिनल जानकारी
कोलकाता एयरपोर्ट पर नए एकीकृत टर्मिनल टी 2 की वार्षिक यात्री क्षमता 25 मिलियन यात्रियों की है जबकि पहले टर्मिनल टी 1 की यात्री क्षमता 5 मिलियन ही थी। तकरीबन 233,000 वर्ग मीटर में फैला यह टर्मिनल 2 एल-आकार में संरचित व छह स्तरीय युक्त है जिसमें 128 चेक-इन-काउंटर जिसमें कॉमन यूजर टर्मिनल इक्विपमेंट तकनीक का इस्तेमाल होता है। 12 सीमा शुल्क काउंटर और 78 आव्रजन काउंटर है, इसके अलावा इसमें 18 एयरोब्रिज और 57 रिमोट पार्किंग वे हैं। एकीकृत टर्मिनल से ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं का संचालन किया जाता है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान भरने वाली प्रमुख घरेलू एयरलाइंस
- एयर इंडिया
- गो एयर
- जेट कनेक्ट
- जेट एयरवेज
- इंडिगो
- स्पाइस जेट
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान भरने वाली प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस
- एयर एशिया
- बिमान बांग्लादेश
- ड्रक एयर
- ड्रैगन एयर
- एयर चाइना
- एमिरेट्स
- कतर एयरवेज
- सिंगापुर एयरलाइंस
- थाई एयरवेज
- यूनाइटेड एयरवेज
- भूटान एयरलाइंस
- रीजेंट एयरवेज
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : यात्री गाइड
आव्रजन नियम : अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन यानी आव्रजन कराना बेहद अनिवार्य चरण है। भारत से किसी अन्य देश की यात्रा करने के लिए वैध पासपोर्ट व उक्त गंतव्य देश का वीजा होना जरूरी है, बशर्ते जब गंतव्य देश में ‘‘वीजा ऑन अराइवल’’ की सुविधा न हो। इसके अलावा भारतीयों को पासपोर्ट की न्यूनतम वैध अवधि के संबंध में जागरूक रहना जरूरी है।
भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के पास उनकी राष्ट्रीयता को प्रदर्शित करते स्वफोटो युक्त दस्तावेज जिनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता हो अथवा वैध नेशनल पासपोर्ट होना आवश्यक है जिससे उनकी राष्ट्रीयता और पहचान की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो सके।
नेपाल या भूटान से आने वाली यात्री यदि भारत की सीमा से भूमि/हवाई मार्ग में प्रवेश करते हैं तो उन्हें पासपोर्ट की आवश्यकता नहीं होती है। हालांकि वैध सरकारी फोटोयुक्त पहचान प्रमाण पत्र होना जरूरी है। यदि ऐसे यात्री चीन से आते हैं तो भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए उन्हें वीजा की जरूरत होती है लेकिन पारगमन करते हुए भारत के माध्यम से अपने देश के लिए प्रस्थान कर सकते हैं।
भारतीय वीजा दर हर देश के लिए भिन्न भिन्न होती है इसके लिए संबंधित देश में स्थित भारतीय दूतावास से वास्तविक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
भारत कई देशों को आगमन पर वीजा प्रदान करता है इसके लिए आवश्यक दस्तावेजो की सूची इस प्रकार है-
- आगमन तिथि से कम से कम 6 महीने की वैधता वाला पासपोर्ट आवश्यक है
- वापसी उड़ान टिकट
- पासपोर्ट साइज की दो फोटोज़
- वीजा शुल्क भारतीय मुद्रा के रूप में
- भारत मे रहने वाले विदेशियों के वीजा रूपांतरण और विस्तारित शक्तियों से संबंधित निर्णय गृह मंत्रालय करता है।
- अंतरराष्ट्रीय उड़ान यात्रा करते हुए आगमन या प्रस्थान दोनों ही परिस्थितियों में आव्रजन काउंटर पर जाना अनिवार्य होता है, जहां वैध पासपोर्ट पर आव्रजन अधिकारी द्वारा मोहर लगवाई जाती है।
- अन्य विस्तारित जानकारी के लिए कोलकाता एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल हवाई अड्डा : सुरक्षा नियम
कोलकाता एयरपोर्ट पर विशेष श्रेणियों की वस्तुओं को सामान में लेकर जाना प्रतिबंधित है।
व्यक्तिगत सामान : लाइटर, नुकीले सिरे की धातु कैंची, खिलौनेनुमा हथियार इत्यादि
नुकीली वस्तुएं : बर्फ तोड़ने वाली छड़ें, बॉक्स कटर, चाकू ( गोल, मक्खन कट करने वाली या किसी भी लंबाई या प्रकार की ) इत्यादि
खेल का सामान : क्रिकेट बैट, बॉल, बेसबॉल, गोल्फ क्लब, पूल क्यूज़, स्की पोल्स, भाला बंदूके इत्यादि
बंदूके व आग्नेयास्त्र : बारूद, बीबी गन, फ्लेयर गन, संपीडित वायु बंदूकें, पेलेट गन, पिस्तौल इत्यादि
औजार : कुल्हाड़ी, हथौड़े, क्रोबार, ड्रिल, आरी, रिंच प्लायर, मवेशी प्रोड्स इत्यादि
मार्शल आर्ट / आत्मरक्षा सामग्री : पीतल पोर, बिली क्लब, ब्लैक जैक्स, कुबाटन्स, पेपर स्प्रे इत्यादि
विस्फोटक सामग्री : फ्लेयर्स, आतिशबाजी, हथगोले, ब्लास्टिंग कैप्स, प्लास्टिक विस्फोटक इत्यादि
ज्वलनशील वस्तुएं : किसी भी तरह की ज्वलनशील और तरल/एरोसोल/जेल/पेस्ट यानी गाढेपन वाली वस्तुएं ले जाना अनुमन्य नहीं है। एक लीटर के पारदर्शी दोबारा बंद होने वाले प्लास्टिक बैग मे तरल रूप में यात्री सिर्फ 100 मिली मात्रा ही ले जा सकते है।
खतरनाक रसायन : तरल ब्लीच, छलकने वाली बैटरियां, स्प्र पेंट, स्विमिंग पूल और स्पा के लिए क्लोरीन इत्यादि
ध्यान रखें : प्लास्टिक के चाकू, चश्मे की मरम्मत किट में मौजूद स्क्रूड्राइवर, डाक्टर के पर्चे के साथ दी जाने वाली तरल दवा या इन्हेलर और शिशु आहार ले जाने की मनाही नहीं है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : प्रमुख सुविधाएं
एयरलाइन लाउंज : कोलकाता एयरपोर्ट के टर्मिनल पर स्थित घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विंग में लाउंज की सुविधा प्रदान की जाती है। लाउंज सुविधा एयरपोर्ट के सुरक्षा जांच क्षेत्र में स्थित है जहां आप ऑनलाइन या ऑफलाइन शुल्क देकर इनमें शानदार समय बिता सकते हैं।
एयरलाइन टिकट काउंटर : कोलकाता एयरपोर्ट के प्रस्थान तल पर विभिन्न एयरलाइंस से संबंधित टिकट काउंटर उपलब्ध हैं जहां यात्री और विजिटर्स शहरी तरफ से पहुंच कर ऑफलाइन तरीके से टिकट संबंधी जानकारी या यात्रा की आरक्षित बुकिंग करा सकते है।ं
एटीएम : कोलकाता एयरपोर्ट पर नकद निकासी व्यवस्था का लाभ लेने के लिए एटीएम सुविधा प्रदान की जाती है जिसमें इनकी संख्या 2 है। चेक इन क्षेत्र और आगमन क्षेत्र में एटीएम मशीनें लगी हुई हैं।
सामान रखने की सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट पर सामान को सुरक्षित रूप से रखने की सुविधा केवल पारगमन यात्रियों के लिए है जहां आप कुछ घंटों से लेकर 30 दिनों तक सुविधानुसार सामान को रख सकते हैं। आपका सामान लॉक होना जरूरी है जहां उनकी गहन सुरक्षा जांच की जाएगी, इसमें एक्स-रे स्क्रीनिंग और रैंडम हैंड सर्च शामिल है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्री 24/7 संपर्क कर सकते हैं।
- स्थान : एयरपोर्ट बुकिंग आगमन लेवल-काउंटर नंबर 10 जो कि गेट 3ए बी और गेट 3 सी के बीच में है।
- संपर्क नंबर : 033-2569 1011, 9674721815/9674721816
ई अराइवल कार्ड सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट पर ई-अराइवल कार्ड की सुविधा प्रदान की जाती है, इसके अन्तर्गत भारत में प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों ( ओसीआई धारकों सहित ) को वीजा ऑन अराइवल की सुविधा प्रदान की जाती है। इस सुविधा के तहत ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की वेबसाइट के माध्यम से सपंर्क कर पासपोर्ट, उड़ान और आवास जानकारी साझा करना जरूरी है जिससे आव्रजन प्रक्रिया संपन्न हो सके। कुछ देशों के नागरिकों के लिए ही वीजा ऑन अराइवल की सुविधा प्रदान की जाती है। वीजा ऑन अराइवल के लिए अद्यतन देशों की सूची भारतीय गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
आव्रजन ई-गेट : कोलकाता हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए जा रहे भारतीयों और ओसीआई धारकों के लिए ( एफटीआई-टीटीपी ) फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम ई-गेट उपलब्ध है, जहां इस सुविधा का लाभ लेने के लिए भारतीय गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण, बायोमेट्रिक्स जमा करना और निर्बाध प्रवेश/निकास के लिए इलेक्ट्रॉनिक गेटों पर पासपोर्ट और बोर्डिंग पास उपयोग कर जाने की अनुमति मिल जाती है।
डिजीयात्रा : कोलकाता हवाई अड्डे पर डिजीयात्रा की सुविधा उपलब्ध है इसके तहत घरेलू यात्रियों के लिए प्रवेश, सुरक्षा और बोर्डिंग गेट पर फेस रिकग्निशन की मदद से किसी और तरह की प्रक्रिया के बिना समय बचाते हुए यात्रा का अनुभव कर सकते हैं। डिजिटल और सुगम प्रक्रिया को प्रदान करता डिजीयात्रा ऐप एयरपोर्ट पर फिजिकली कागजी कार्रवाई को बहुत हद तक कम कर देता है। डिजीयात्रा ऐप के माध्यम से ई-गेट पर चेहरा स्कैन कराते हुए आगे बढें।
चेक-इन काउंटर्स/सेल्फ चेक-इन-कियोस्क : कोलकाता एयरपोर्ट पर घरेलू और इंटरनेशनल यात्रियों के लिए प्रस्थान स्तरों पर 148 चेक-इन-काउंटर हैं। एयरलाइन चेक-इन काउंटर की लंबी कतारों और समय को बचाने के उद्देश्य से टर्मिनल के प्रस्थान हॉल में लगे 32 सेल्फ चेक-इन काउंटर का उपयोग कर सकते हैं। सेल्फ चेक इन कियोस्क के माध्यम से यात्री संख्या दर्ज कर, मनपसंद सीट चुने और अंत में बोर्डिंग पास प्रिंट कराएं। इसके बाद चेक इन किए गए सामान को संबंधित एयरलाइन के बैगेज ड्रॉप काउंटर पर जमा कर सकते हैं।
शिशु देखभाल कक्ष : कोलकाता एयरपोर्ट पर यदि आप बहुत छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहें हैं तो इनकी देखभाल करने, डायपर या कपड़े बदलने, दूध पिलाने और अन्य किसी भी जरूरी कारण से इन कक्षों में बच्चों की देखरेख सकते है। बच्चों की देखभाल के लिए एयरपोर्ट के प्रस्थान क्षेत्र में चार और आगमन क्षेत्र में दो बच्चों की देखभाल के लिए शानदार कक्ष की व्यवस्था मिलती है।
विश्राम कक्षः कोलकाता एयरपोर्ट पर उपलब्ध विश्राम कक्षों और डॉर्मिटरी का लाभ लेने के लिए पहले आओ पहले पाओ सिद्धांत को अपनाया जाता है इसके तहत इनकी पूर्व बुकिंग नहीं की जा सकती है। पारगमन कर रहे यात्रियो की सुविधा के लिए इन कक्षों और डॉर्मिटरी को अधिकतम 24 घंटे के लिए प्रदान किया जाता है। इस सुविधा के माध्यम से आप अगली उड़ान से पहले खुद को रिलैक्स कर सकते हैं। सशुल्क मिलने वाली इस सुविधा में फैमिली रूम, शेयरिंग आधार पर और महिला व पुरूष छात्रावास श्रेणियों में कक्ष व डॉर्मिटरी उपलब्ध है।
गोल्फ कार्ट : कोलकाता एयरपोर्ट पर सीनियर सिटीजन और विशेष जरूरतों जैसे गर्भवती महिलाओं के लिए चेक इन, आगमन, कस्टम क्षेत्र और एयरोब्रिज कॉरिडोर में बैटरी से चलने वाली गोल्फ कार्ट सुविधा मिलती है।
फॉरेक्स सर्विस : कोलकाता एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए सात मुद्रा विनिमय काउंटर की सुविधा उपलब्ध है, यात्री इन काउंटरों पर गंतव्य देश की मुद्रा, अपने देश की मुद्रा से वैल्यू आधार पर एक्सचेंज कर सकते हैं।
धूम्रपान कक्ष : कोलकाता एयरपोर्ट पर धूम्रपान के शौकीनों के लिए एसएचए क्षेत्र के अंदर इन कक्षों की सुविधा उपलब्ध है।
इंटर टर्मिनल स्थानांतरण : घरेलू से अंतरराष्ट्रीय व इसके विपरीत, अंतरराष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय पारगमन के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पर एस्केलेटर या लिफ्ट का प्रयोग करते हुए एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा सकते हैं।
चिकित्सा सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट 24/7 चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराता है। चिकित्सीय कक्ष का नियंत्रण और संचालन मेडिका सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा किया जाता है। इमरजेंसी स्थिति में यात्री एयरपोर्ट मैनेजर से संपर्क करें।
- एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर प्रस्थान - 033-25691002/25691011/9674721815
- एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर आगमन - 033-25691003/9674721816
पार्किंग सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरो पर पार्किंग की सुविधा प्रदान की गई है। सभी टर्मिनलों पर पिकअप और ड्रॉप ऑफ के लिए स्थान निर्धारित है। सभी प्रकार के वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है जिनके शुल्क की जानकारी कोलकाता एयरपोर्ट के आधिकारिक वेबसाइट पेज पर प्रदान की गई है। पार्किंग दर वाहन प्रकार और पार्क करने की समयावधि पर निर्भर करता है।
विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों के संबंध में : विशेष आवश्यकता के संबंध में यात्री पहले से ही टिकट बुक करते समय अपनी संबंधित एयरलाइन से व्हीलचेयर की मांग कर सकते हैं या एयरपोर्ट के एयरलाइन टिकट काउंटर से सपंर्क कर सकते हैं। कोलकाता एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर के माध्यम से सहज आवाजाही को करने के लिए रैंप व्यवस्था बनाई गई है। दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए लिफ्ट में ब्रेल लिपि और श्रव्य संकेत बताए गए हैं। भुगतान आधारित एम्बुलेंस सेवा के अलावा दिव्यांग व्यक्तियों के लिए अनुकूलित शौचालय सुविधा उपलब्ध है।
वाई-फाई : कोलकाता एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के यात्रियों के लिए फ्री वाई-फाई सर्विस प्रदान की जाती है। प्रतीक्षा क्षेत्रों में निःशुल्क वाई-फाई सेवा प्राप्त करने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल नंबर को लॉगिन आईडी के रूप में देना जरूरी है। मुफ्त वाई-फाई उपयोग करने की अवधि 30 मिनट है। अंतरराष्ट्रीय नंबर होने की दशा में या अधिक जानकारी के लिए वाई-फाई टीम से संपर्क करें।
भोजन सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट भोजन और पेय के लिए काफी सारे कैफे और रेस्टोरेंट की श्रृंखला उपलब्ध है जहां आप स्वादिष्ट स्वाद के साथ आनंददायक ड्रिंक भी ग्रहण कर सकते हैं। बीयर प्रेमी हों या खेलों के शौकीन आप द आयरिश हाउस में स्वादिष्ट भोजन के स्वाद के साथ अपने शौक भी पूरे कर सकते हैं। कॉपर चिमनी, 9 प्लेयर्स, कैलाश पर्वत, स्विच, वाह मोमो और भी कई सारे रेस्टोरेंट में भोजन और अन्य गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : सामान नीति
बड़े आकार/माप की वस्तुएं : कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्री टर्मिनल पर साइज और आउट ऑफ गेज वाली वस्तुएं स्वीकार्य नहीं है। ऐसी परिस्थिति में कार्गो टर्मिनल एजेंट से संपर्क करना उचित है।
सामान रैप करने की सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट पर सामान लपेटने की सशुल्क सुविधा प्रदान की जाती है। एकीकृत टर्मिनल के चेक-इन क्षेत्र में उपलब्ध यह सेवा उपलब्ध है।
सामान प्राप्ति : कोलकाता एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए आगमन क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस बैगेज कन्वेयर बेल्ट उपलब्ध हैं, जहां यात्री अपने सामान को शीघ्र और सुरक्षित तरह से प्राप्त कर सकते हैं। अत्याधुनिक हैंडलिंग उपकरणों की मदद से सामान प्राप्ति प्रक्रिया को बेहतरी से संपन्न कराने के उद्देश्य से घरेलू क्षेत्र मे दस और अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में छह बैगेज कन्वेयर बेल्ट लगे हुए हैं।
खोया पाया विभाग : यदि कोलकाता एयरपोर्ट पर आपका कोई सामान, वस्तु खो जाए या फिर एयरपोर्ट पर कोई लावारिस वस्तु मिले तब कोलकाता एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के गेट नंबर 3सी के पास प्रस्थान एरिया की निचली तरफ स्थित एयरपोर्ट मैनेजर कार्यालय में स्थित खोया पाया अनुभाग से संपर्क कर सकते हैं। खोई हुई वस्तु के लिए 24/7 यहां से संपर्क कर सकते हैं, जहां आप एयरपोर्ट पर खोई हुई वस्तु की रिपोर्ट, भंडारण, पूछताछ और फिर से मिलने में अहम भूमिका निभाता है। वस्तु/सामान वापस मिलने की दशा में उक्त यात्री का पूरी तरह सत्यापन सुनिश्चित करना जरूरी है। खोई हुई वस्तु संबंध में न मिलने की दशा में शिकायत दर्ज होने से लेकर 72 घंटों के भीतर सूचित कर दिया जाएगा।
खोया पाया संबंधी नियम : एयरपोर्ट पर खोई या मिलने वाली वस्तु रिपोर्ट दर्ज होने से लेकर 48 घंटे तक ही टर्मिनल से ही प्राप्त किया जा सकता है। इसके बाद यह वस्तु/सामान भंडार गृह में जमा कर दिया जाएगा जो सामग्री प्रबंधन विभाग, कार्गो बिल्डिंग के पास गेट नंबर 7 कोलकाता एयरपोर्ट से प्राप्त किया जा सकता है। यहां किसी भी कार्यदिवसों में सुबह 10ः30 बजे से शाम 4ः30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं, अन्यथा बंद रहता है।
- खोई हुई वस्तु तीन महीने की अवधि तक ही संभाल कर रखी जाती है इसके बाद किसी की कोई जवाबदेही नहीं होती है।
- नाशवान या कम मूल्य की वस्तुओं को निपटान 24 घंटों के अंदर कर दिया जाता है।
- संदिग्ध वस्तु, बैग या सामान, जो सुरक्षा की दृष्टि से खतरा पैदा कर सकते हैं, उन पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
खोई हुई वस्तु को वापस पाने में आपके पास कुछ दस्तावेज होना जरूरी है जिसमें
- बोर्डिग कार्ड/यात्रा टिकट,
- पासपोर्ट/सरकारी पहचान प्रमाण पत्र
- दावा प्रपत्र जिसमें दावा की जा रही वस्तु/वस्तुओ का पूर्ण विवरण भरा हो।
- एयरपोर्ट मैनेजर खोया पाया अनुभाग संपर्क नंबर : 033-2511 8036
- खोई हुई वस्तु के लिए दावा प्रपत्र कोलकाता एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भरकर भी जमा किया जा सकता है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : सम्मान व पुरस्कार
- कोलकाता एयरपोर्ट को एसीआई वर्ल्ड वॉइस ऑफ द कस्टमर पहल में सम्मान प्राप्त हुआ है।
- कोलकाता एयरपोर्ट को कोविड योद्धा पुरस्कार से नवाजा गया है।
- एसीआई द्वारा एशिया प्रशांत क्षेत्र में ‘सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता उपाय’ 2020 का पुरस्कार कोलकाता एयरपोर्ट को प्रदान किया गया है।
- साल 2019 में स्वच्छता पुरस्कार और साल 2018 में इन्फ्राकॉन आइकॉन्स अवार्ड 2018 प्रदान किया गया है।
- कोलकाता एयरपोर्ट को साल 2017 का एएसक्यू पुरस्कार दिया गया है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कैसे पहुंचे
एनएससीबीआई हवाई अड्डे पर 24/7 आवागमन सुविधा के लिए कई विकल्प मौजूद हैं जहां आप आराम से एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं।
प्रीपेड टैक्सी : कोलकाता एयरपोर्ट से प्रीपेड टैक्सी सुविधा 24/7 मिलती है। प्रीपेड टैक्सी पीले रंग की होती है, इन पर बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट का नियंत्रण होता है। एयरपोर्ट पर इनकी उपलब्धता आगमन तल पर गेट 3 और 4 के बीच मिल जाती है। किसी भी शिकायत, सवाल या सुझाव के लिए यातायात नियंत्रण कक्ष पर सपंर्क कर सकते हैं।
- यातायात नियंत्रण कक्ष : 9051213100
रेडियो टैक्सी : एनएससीबी हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 से रेडियो टैक्सी सेवाओं की बुकिंग के लिए आगमन क्षेत्र के निचले तल पर स्थित ओला व उबर काउंटरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके विपरीत कोलकाता शहर के किसी भी क्षेत्र से एयरपोर्ट आने के लिए यात्री अपने फोन या ऐप से आसानी से बुक कर सकते हैं।
मेट्रो : कोलकाता मेट्रो की एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन जय हिंद-बिमानबंदर मेट्रो स्टेशन येलो लाइन पर है। भारत के सबसे बड़े भूमिगत मेट्रो स्टेशन के रूप में इसका संचालन अगस्त 2025 से शुरू हुआ है।
बस : पश्चिम बंगाल भूतल परिवहन निगम के जरिए चलने वाली बसों के माध्यम से हवाई अड्डे और कोलकाता के विभिन्न स्थानों के मध्य नियमित अंतराल पर रियायती दरों पर वातानुकूलित बसों का संचालन किया जाता है। बस सेवा सुबह 8 बजे से शुरू होती है और रात्रि 9ः30 मिनट पर हवाई अड्डे से आखिरी बस चलती है। इन बसों के माध्यम से सफर करने के लिए टर्मिनल 2 के आगमन तल पर डब्ल्यूबीएसटीसी काउंटर का संपर्क नंबर 033-25118238 है
कोविड परीक्षण सुविधा : कोलकाता एयरपोर्ट पर कोविड परीक्षण सुविधा उपलब्ध है जहां परीक्षण जांच का परिणाम नमूना संग्रह के समय से अंतरराष्ट्रीय आगमन के लिए 4 से 6 घंटे में और प्रस्थान करने वाले या बिना बुकिंग के आने वाले यात्रियों के लिए 6 से 8 घंटे का समय लग सकता है। रैपिड पीसीआर कराने पर 30-45 मिनट में रिपोर्ट मिल जाती है।
- इंटरनेशनल अराइवल : भूतल गेट 4ए/4बी के पास
- इंटरनेशनल डिर्पाचर : प्रथम मंजिल गेट 5बी के पास
- घरेलू प्रस्थान : गेट 3सी
परीक्षण भुगतान : प्री बुकिंग करते समय ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
- भुगतान राशि : आरटीपीसीआर की दरें - 600 रूपये प्रति परीक्षण
- रैपिड पीसीआर की दरें - 2900 रुपये प्रति परीक्षण है।
निष्कर्ष
कोलकाता के दमदम में स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यात्रियो ंको उड़ान से पहले शानदार और यादगार अनुभव प्रदान करता है। वर्तमान मे प्रतिवर्ष लगभग 30 मिलियन यात्रियों के उड़ान आवागमन के लिए तैयार यह हवाई अड्डा अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों से लैस ई-गेट, फेस रिकग्निशन, सेल्फ चेक-इन कियोस्क, अराइवल ऑन वीजा जैसी कई विश्वस्तरीय सुविधाओं/सेवाओं से यात्रा को सुगम और सहज बनाता है। कोलकाता इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उपयुक्त स्थान पर मिलते नेविगेशन और विशेष आवश्यकता के यात्रियों के लिए उनकी सहूलियत के अनुरूप मिलती सहायता प्रत्येक वर्ग के यात्रियों के लिए हवाई यात्रा आसान और सफल बनाती है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रा करते समय अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न उत्तर
प्रश्न 1ः कोलकाता एयरपोर्ट का पुराना नाम क्या था ?
उत्तर 1ः कोलकाता एयरपोर्ट को दमदम में स्थित होने के कारण दमदम हवाई अड्डा कहा जाता था।
प्रश्न 2ः किस सन् में कोलकता एयरपोर्ट को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की संज्ञा मिली ?
उत्तर 2ः कोलकाता एयरपोर्ट को सन् 1995 से नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड््डे की संज्ञा मिली।
प्रश्न 3ः नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे के नजदीक कौन सा मेट्रो स्टेशन है ?
उत्तर 3ः नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे से नजदीकी भूमिगत मेट्रो स्टेशन जय हिंद-बिमानबंदर है।
प्रश्न 4ः खोया पाया संबंधित दुविधा के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पर किससे संपर्क करें ?
उत्तर 4ः खोया पाया संबंधित दुविधा के लिए कोलकाता एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर, खोया पाया अनुभाग में संपर्क करें।
प्रश्न 5ः कोलकाता एयरपोर्ट का संचालन व नियंत्रण किसके हाथ में है ?
उत्तर 5ः भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण
प्रश्न 6ः क्या कोलकाता एयरपोर्ट पर धूम्रपान कक्ष की सुविधा है ?
उत्तर 6ः जी हां, कोलकाता एयरपोर्ट पर धूम्रपान कक्ष की सुविधा है।
प्रश्न 7ः क्या कोलकाता एयरपोर्ट पर शिशु देखभाल कक्ष सुविधा है ?
उत्तर 7ः जी हां, कोलकाता एयरपोर्ट पर शिशु देखभाल कक्ष हैं।
प्रश्न 8ः क्या कोलकाता एयरपोर्ट पर सेल्फ चेक इन कियोस्क हैं ?
उत्तर 8ः जी हां, कोलकाता एयरपोर्ट पर सात सेल्फ चेक-इन कियोस्क हैं।
प्रश्न 9ः क्या कोलकाता एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 9ः जी हां, कोलकाता एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा सुविधा उपलब्ध है।
प्रश्न 10ः कोलकाता एयरपोर्ट पर विशेष आवश्यकता के यात्रियों के आवागमन के लिए क्या सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 10ः कोलकाता एयरपोर्ट पर विशेष आवश्यकता के यात्रियों के आवागमन के लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा प्रदान की जाती है।
हमसे संपर्क करें







