• Oct 07, 2025

शाम का आगाज़ होने पर दिन का उजाला कम होने लगता है और बैंगलोर में शाम से रात्रि में प्रवेश करते शहर का नज़ारा और खूबसूरत लगने लगता है। जगमगाती लाइट्स की झिलमिल रोशनी, ऊंची ऊंची इमारतें, शांत सड़कें और दिनभर की भागदौड़ से दूर मन पाता है सुकून की ठंडी छांव, बैंगलोर का जीवंत नाइटलाइफ स्टाइल और खूबसूरती इसे रात के समय और अधिक शानदार बनाता है, यहां कई ऐसे आकर्षक स्थल है जहां आप अपने मिजाज़ को फील करते हुए मनोरंजन कर सकते हैं। इस खूबसूरत एहसास को और ज्यादा जीने के लिए आइए रात के मध्धम उजाले में बैंगलोर की सैर पर निकलते हैं, विस्तार से जानते हैं यहां के रात्रि में पर्यटन योग्य स्थानों के बारें में

1. कमर्शियल स्ट्रीटः 

अगर आप रात के वक्त शॉपिंग करने के शौकीन हैं तो आपके लिए कमर्शियल स्ट्रीट एकदम परफेक्ट जगह है जो अपने आगंतुको को आकर्षित करती है, जहां शानदार हस्तशिल्प वस्तुओं के साथ ट्रेडिशनल बाजार का लुक भी रहता है। यह एक व्यापारिक केंद्र है यहां से शहर की रौनक कई गुणा बढ़ जाती है, आप अपने खरीदारी कौशल के हुनर को आजमा सकते हैं क्योंकि दुकानों के बंद होने से पहले विक्रेता अपने लाभ के प्रतिशत को कम कर सौदा पक्का कर सकते हैं और यह आपके लिए फायदे की डील हो सकती है। मनपसंद स्ट्रीट फूड्स का स्वाद चख सकते हैं। व्यवस्थित रूप से लगी दुकानें रात के वक्त और सुंदर प्रतीत होती हैं जब सामानों पर पड़ती रोशनी उनकी चमक और खूबसूरती और बढ़ा देती है।

  • स्थानः टास्कर टाउन, शिवाजी नगर, बेंगलुरू 
  • समयः सुबह 10 बजे से रात 11 बजे के आसपास
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

2. इंदिरानगरः 

बैंगलोर का ऐसा स्थान जहां बेहतर रात्रि जीवन मनोरंजन करने के लिए फैशनेबल शॉपिंग, कैफे, बुटीक और लाजवाब वैराइटी लिए रेस्टोरेंट हैं। इंदिरा नगर यह नाम भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम से लिया गया है। बैंगलोर की सपनों भरी दुनिया में यह स्थान उन्हें पंख देने का काम करता है। रिहायशी इलाकों में से एक इस जगह आप मनपसंद डिनर को एन्जॉय करते हुए कैफे के मस्ती में झूम सकते हैं और आप चाहें तो शॉपिंग के लिए गृह सजावट के सामान, कपड़े और विभिन्न तरह की ऐससरीज़ भी खरीद सकते हैं। मौजमस्ती के साथ खूब सारा फन भी कर सकते हैं। 

  • स्थानः इंदिरानगर, पूर्वी बैंगलोर, बेंगलुरू
  • समयः सुबह 10 बजे से रात 12 बजे के आसपास 
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क

3. नंदी हिल्सः

रात के समय अगर आप शांति की तलाश में निकले हैं तो नंदी हिल्स आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। यह एक पहाड़ी किला है, जिसके आस पास कई नदियों का उद्गम स्थान है जैसे अर्कावती, पोन्नेयार, पन्नार नदियां आदि। शांत माहौल में प्रकृति की खूबसूरती का संगम प्रदर्शित करता नंदी हिल्स यूं तो सूर्योदय के लिए प्रसिद्ध स्थान है लेकिन यहां से रात्रि का खामोश नज़ारा रूमानियत भरा होता है। अक्सर यहां आने वाले लोग रात में आना ज्यादा पसंद करते हैं। गिरता पारा रात की ठंडक और बढ़ा देता है, जो पर्यटकों को गहरी शांति और सुकून का एहसास कराता है। रास्ते में रात दिन चलते भोजनालय यात्रा को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

  • स्थानः नंदी हिल्स, चिकबिल्लापुर, बैंगलोर से 60 किमी दूर
  • समयः 24 घंटे खुला रहता है। 
  • प्रवेश शुल्कः 50 रू प्रति व्यक्ति 

4. एमजी रोडः

पुस्तको प्रेमी के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं जब दिन की शोरभरी आवाजों से दूर रात के मौसम में किताबों का सिलेक्शन करना रोचक हो जाता है। यहां मनोरंजन के भी साधन उपलब्ध हैं जिसमें बार, कैफे, रेस्टोरेंट और दुकानें, मॉल और इनकी जीवंतता इसे रात में बाहर घूमने वालों के लिए और लोकप्रिय बनाते हैं। बेहतर नाइटलाइफ और मनोरंजन के लिए आप एमजी रोड का रूख कर सकते हैं जो आपको बैंगलोर के शानदार परिदृश्य से परिचित करवायेगा। 

  • स्थानः महात्मा गांधी रोड, मध्य बैंगलोर, बेंगलुरू 
  • समयः सुबह 6 बजे से रात 1 बजे के आसपास
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

5. ब्रिगेड रोडः

हलचल भरे वातावरण में लग़्जरी वस्तुओं, हस्तशिल्प और फुटकर दुकानों के स्टॉलों के साथ यह रोड रात के समय और आकर्षक प्रतीत होती है जहां कई सारे पब, कैफे, रेस्तरां भी शामिल हैं जहां भरपूर नाइटलाइफ का आनंद लिया जा सकता है। संगीत की धुनों पर थिरकते हुए झूमना या सिर्फ गहराई से उसे सुनना रात के माहौल को और रूहानी बना देता है। व्यस्त खरीदारी वाला यह क्षेत्र पूरे कर्नाटक में एक प्रसिद्ध जगह है। यहां मौजूद औपनिवेशिक काल की इमारतें, चर्च, स्मारकें कृत्रिम रोशनी में जगमग करते और शानदार प्रतीत होते हैं। 

  • स्थानः अशोक नगर, एमजी रोड के नजदीक, बेंगलुरू
  • समयः शाम 6 बजे से रात 2 बजे के आसपास 
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

6. बैंगलोर पैलेसः 

19वीं सदी का राजसी पैलेस जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है, रात्रि के समय रंग बिरंगी रोशनियों की छटाओं को बिखेरता इसका बाहरी परिदृश्य आंगुतकों को विशेष रूप से अपनी ओर आकर्षित करता है जो आसपास स्थित पार्कों में टहलने का आनंद दोगुना कर देता है। विशेष आयोजनों पर इस महल की शोभा देखते बनती है जब विशेष तरह से इस महल को सजाया जाता है। बॉलीवुड फिल्मस में इस महल के राजसी लुक को शूटिंग में इस्तेमाल किया जा चुका है। 

  • स्थानः नंबर 1, पैलेस रोड, वसंत नगर, बेंगलुरू
  • समयः सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक
  • प्रवेश शुल्कः भारतीय पर्यटकों के लिए लगभग 230 भारतीय रूपये और विदेशी आंगुतकों के लिए लगभग 500 भारतीय रूपये

7. यूबी सिटीः 

बैंगलोर का यह स्थान लग्जरी मॉल्स और शॉपिंग का केंद्र है। अंतर्राष्ट्रीय ब्रांड्स, लाइफ केयर ऐससरीज और होटल्स में स्वादिष्ट खाना जो आपको बैंगलोर में रात की मस्ती और उत्साह से लबरेज करती हैं। जगमगाती लाइट्स के प्रकाश से इस इमारत की संरचना विहंगम दृश्य का निर्माण करती है, जो देखने में रोमांचक लगता है। देर रात तक खुले रहने की वजह से पर्यटक यहां खरीदारी के साथ यहां हो रहे लाइव प्रदर्शन और कल्चरल प्रोग्राम्स का आनंद लेना पसंद करते हैं। 

  • स्थानः 24, विट्ठल माल्या रोड, अशोक नगर, बेंगलुरू 
  • समयः सुबह 10 बजे से रात 11 बजे के आसपास 
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

8. शिवाजी नगरः 

देर रात व्यस्त सड़कें, स्ट्रीट वेडिंग के शौकीनों के लिए यह उपयुक्त जगह है। खरीदारी करते लोग, आवाज लगाते विक्रेता और स्ट्रीट व्यंजनों की खुशबू से सराबोर माहौल रात के समय कहीं ज्यादा सुंदर लगने लगता है। स्ट्रीट शॉपिंग पसंद करने वालों के लिए यह जगह स्वर्ग से कम नहीं है, कपड़ों से लेकर घरेलू सामान तक और कोल्हापुरी चप्पलों से लेकर एंटीक वस्तुओं तक खरीद सकते हैं, यहां झलकती स्थानीय संस्कृति की छाप आपको यहां की जीवनशैली को समझने का अनोखा अनुभव प्रदान करेगी।

  • स्थानः शिवाजी नगर, बेंगलुरू
  • समयः सुबह 10 बजे से रात 10 बजे के आसपास
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

9. सैंकी टैंकः 

रात में सैंकी टैंक जो एक कृत्रिम झील है इसका जादुई दृश्य बहुत अनुपम प्रतीत होता है। इस जलाशय का निर्माण 1882 में हुआ था, जहां इसे मिलर और धर्मबुद्धि टैंक से जोड़ा गया था। यहां आप शांति सुकून के साथ धीमा पर्सनल म्यूजिक सुनते हुए वॉक कर सकते हैं। यात्रा किसी भी समय की हो, फूड के आनंद बिना फीकी लगती है इसलिए यहां कई सारे स्थानीय रेस्टोरेंट और दुकानों की उपलब्धता है जहां से आप लज़ीज व्यंजन और स्नैक्स को चख सकते हैं। चारों ओर बिखरी लाइट्स की चमक से यहां के खूबसूरत नज़ारों को आप अपने कैमरे में कैप्चर कर सकते हैं, साथ ही यहां रात के वक्त समय में कई एडवेंचर एक्टीविटीज हैं जिन्हें आप एन्जॉय कर सकते हैं।

  • स्थानः कोडानडारमपुरा नियर व्यालीकवल सर्किल, बेंगलुरू 
  • समयः शाम 4 बजे से शाम 7 बजे तक
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

10. चर्च स्ट्रीटः

बैंगलोर में शॉपिंग प्रेमियों के लिए चर्च स्ट्रीट अद्वितीय जगह है, यहां की सजीवता और नाइटलाइफ रात्रि में घूमने के शौकीन लोगों को बहुत पसंद आने वाला स्थान है जिसका नाम सेंट मार्क कैथेड्रल के नाम से लिया गया है। इस सड़क को अंग्रेजो के समय में एक वॉकिंग स्ट्रीट के रूप में तैयार करवाया गया था, जो आज भी बंगलौर के औपनिवेशिक इतिहास को सहेज कर रखता है। बाजारों और दुकानों के साथ ही यहां पब, लाइव म्यूजिक प्रोग्राम्स और कैफे भी मनोरंजन का अच्छा साधन है। रात्रि भ्रमण पर निकले पर्यटकों को यहां की विशेषताएं अपनी ओर आकर्षित करती हैं। 

  • स्थानः एमजी रोड के समानांतर, चर्च स्ट्रीट, बेंगलुरू
  • समयः सुबह 11 बजे से रात्रि 11 बजे तक, वीकेंड में रात्रि 1 बजे तक 
  • प्रवेश शुल्कः निःशुल्क 

निष्कर्षः

सिलिकॉन वैली नाम से मशहूर बैंगलोर आई टी इंडस्ट्री के हब के रूप में जाना जाता है, जहां तकनीक और तरक्की के नये आयाम छुए जाते हैं। उन्नति के शिखर पर पहुंचा यह शहर प्राकृतिक और आर्टिफिशियली दोनों ही तरह से संपन्न है। दिन रात चलने वाला बैंगलोर जितना शानदार दिन के समय लगता है, उससे भी कहीं अधिक रात के समय उज्जवल और सजीव लगता है, जो इसे रात्रि के खुशगवार मौसम में पर्यटन योग्य स्थानों के मामले में अग्रणी बनाता है। पब, कैफे, रेस्तरां, स्ट्रीट फूड्स, शॉपिंग, गेमिंग, ट्रैकिंग हो या अन्य कोई एडवेंचर गतिविधि, आप यहां रात में भी पर्यटन का पूरा आनंद ले सकते हैं और अपनी यादगार स्मृतियों में एक नये अनुभव को समाहित कर सकते हैं।

partner-icon-iataveri12mas12visa12