- Mar 05, 2026
भारतीय दक्षिणी सीमा पर बना तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा केरल की राजधानी में स्थित है जिसकी स्थापना 1932 में हुई और सन् 1991 में आधिकारिक तौर पर भारत का पांचवां अंतरराष्ट्रीय स्तरीय एयरपोर्ट घोषित किया गया। इंटरनेशनल स्तर पर भारत का आठवां और राज्य स्तर पर दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। भारतीय उपमहाद्वीप के सबसे दक्षिणी छोर पर बना यह हवाई अड्डा हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है जहां नारियल के पेड़ों की खूबसूरती, स्वच्छ आसमान और समुद्री तटों की शांति मंत्रमुग्ध करती है। भारत के सबसे मुख्य शहरों में से एक तिरुवनंतपुरम में स्थित हवाई अड्डे के बारें में पूरी गाइड विस्तार से साझा करते हैं।
तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : इतिहास
- तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 800 एकड़ के क्षेत्रफल में फैला है जो शहरी केंद्र से लगभग 3.7 किमी दूरी पर है। यात्री हवाई अड्डा होने के साथ ही यह भारतीय वायु सेना के दक्षिणी वायु कमान और भारतीय तटरक्षक बल के मुख्यालय के लिए भी जाना जाता है।
- सन् 1932 में रॉयल फ्लाइंग क्लब के तहत लेफ्टिनेंट कर्नल राजा गोदा वर्मा ने इसकी नींव रखी। 1935 में टाटा एयरलाइंस ने इस हवाई अड्डे से पहली उड़ान तय की। स्वतंत्रता मिलने के बाद इस हवाई अड्डे टर्मिनल 1 का निर्माण हुआ जिसका उपयोग घरेलू उड़ानों के लिए होने लगा। 1970 के दशक में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित की जाने लगीं लेकिन अंतरराष्ट्रीय दर्जा 1991 में मिला।
- नंवबर 2018 में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे को पट्टे पर देने के उद्देश्य से (बोली प्रक्रिया में जीतने के कारण) अडानी समूह को हवाई अड्डे के संचालन, प्रबंधन और विकास की जिम्मेदारी सौंप दी। तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को टीआरवी एयरपोर्ट भी कहा जाता है।
तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : टर्मिनल जानकारी
तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री टर्मिनलों की संख्या दो है। जिनमें से टर्मिनल 1-घरेलू उड़ानों से संबंधित है और टर्मिनल 2 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित की जाती है।
टर्मिनल 1
- तकरीबन 13335 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर फैला हुआ यह टर्मिनल घरेलू हवाई यात्रियों के लिए सुविधाएं प्रदान करता है, इस टर्मिनल में आवागमन के समय लगभग 1000 यात्रियों को संभालने की क्षमता है। इस टर्मिनल में 18 चेक-इन काउंटर व 3 सुरक्षा कियोस्क है। टर्मिनल 1 में एयर इंडिया को छोड़कर सभी घरेलू उड़ान सेवाओं को प्रदान करने वाली एयरलाइन्स संचालित होती हैं।
टर्मिनल 2
- अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को संचालित व नियंत्रित करता टर्मिनल 2 तकरीबन 35000 वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में विस्तृत है, इस टर्मिनल की वार्षिक संचालन क्षमता 18 लाख यात्रियों को संभालने की है। 30 चेक-इन काउंटर, 26 आव्रजन काउंटर, 11 सीमा शुल्क काउंटर और 4 सुरक्षा काउंटर हैं। नवनिर्मित इस टर्मिनल में जेटवे और पार्किंग वे के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं जहां यात्रियों को सहज यात्रा का अनुभव प्राप्त होता है।
तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : घरेलू व अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस
घरेलू एयरलाइंस
- इंडिगो
- एयर इंडिया एक्सप्रेस
- अकासा एयर
- गो फर्स्ट
- स्पाइसजेट
- स्टार एयर
- विस्तारा
- एलायंस एयर
घरेलू गंतव्य : दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, पुणे, तिरुचिरापल्ली इत्यादि।
अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस
- एयर अरबिया
- एयर इंडिया
- इंडिगो
- एयर इंडिया एक्सप्रेस
- एयर एशिया
- एमिराट्स
- एतिहाद एयरवेज
- गल्फ एयर
- जज़ीरा एयरवेज
- कुवैत एयरवेज
- मलेशिया एयरवेज
- मालद्वीवन
- ओमान एयर
- कतर एयरवेज
- स्कूट
- श्रीलंकन एयरलाइंस
अंतरराष्ट्रीय गंतव्य : कुवैत, दोहा, सिंगापुर, कोलंबो, अबू धाबी, दुबई, शारजाह, कुआलालंपुर, हनीमाधू, माले, मस्कट, दम्मम, रियाद, बहरीन इत्यादि।
तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : सुविधाएं व सेवाएं
शुल्क मुक्त खरीदारी : तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुल्क मुक्त क्षेत्र के अन्तर्गत कई सारी वस्तुओं की श्रृंखला मिलती है। जहां आप फैशन एसेसरीज, मादक पदार्थ, सौंदर्य प्रसाधन और इलेक्ट्रानिक्स की विस्तृत श्रृंखला खरीद सकते हैं। इसके लिए टर्मिनल 2 पर कई सारे आउटलेट मौजूद हैं। आप चाहें तो एयरपोर्ट की वेबसाइट के माध्यम से प्री बुकिंग भी कर सकते हैं।
भोजन सुविधा : तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 पर कई सारे फूड आउटलेट हैं जहां आप मनपसंद कॉफी और स्वादिष्ट रेसिपीज को चख सकते हैं। टर्मिनल 1 पर कैफेचिनो एक्सप्रेस, मालाबार एक्सप्रेस डोम, मसाला किचन इत्यादि और टर्मिनल 2 पर नैसकैफे, जैम, हंगर बार इत्यादि विकल्प उपलब्ध हैं।
विशेष लाउंज सुविधा : टीआरवी एयरपोर्ट पर यात्रियों के आराम करने के लिए लाउंज सुविधा उपलब्ध है इसके अन्तर्गत टर्मिनल 1 पर प्रस्थान क्षेत्र में अवस्थित है और टर्मिनल 2 पर टीएफएस द्वारा अदानी लाउंज, लाउंज जिसमें कार्ड व बिना कार्ड धारक उपयोग कर सकते हैं। इन लाउंज में विश्वस्तरीय सुविधाएं जैसे जलपान, वाई फाई, समाचार पत्र पत्रिकाएं, आरामदायक स्थान इत्यादि सुविधाएं मिलती हैं।
प्रणाम सेवा : टीआरवी एयरपोर्ट पर प्रणाम सेवा उपलब्ध है जिसके तहत एयरपोर्ट पर विशेष स्वागत के साथ, चेक इन सहायता, सुरक्षा जांच सहायता, लाउंज और पसंद अनुसार बोर्डिंग की सुविधा प्रदान करते हैं। प्रणाम अधिकारी आपको एयरपोर्ट से जुड़ी हर गतिविधियों में सहयोग प्रदान करते हैं।
पोर्टर : टीआरवी एयरपोर्ट पर प्रस्थान बिंदु से लेकर एयरलाइन के चेक इन काउंटर तक बैगेज कैरोसेल तक, आगमन से पार्किंग तक या दोनों ही तरह से पोर्टर सुविधा उपलब्ध है। यह सशुल्क सेवा है इसके अन्तर्गत स्काईकैप पेड पोर्टर सर्विस उपलब्ध कराता है।
- घरेलू आगमन, प्रस्थान व राउंड ट्रिप का चार्ज क्रमशः 400 रूपये व 800 रूपये है। अंतरराष्ट्रीय आगमन, प्रस्थान व राउंडट्रिप का क्रमशः 600 रूपये व 1200 रूपये हैं।
मुद्रा विनिमय : तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों व घूमने वालों के लिए मुद्रा विनिमय काउंटर उपलब्ध हैं। जहां यात्री अपनी देश की करेंसी से गंतव्य देश की करेंसी आसानी से एक्सचेंज कर सकते हैं।
- मुद्रा विनिमय काउंटर टर्मिनल 2 पर आगमन गेट 2, प्रस्थान गेट 2, आगमन केर्ब गेट ए1 और प्रस्थान द्वार के पास एसएचए गेट 2 के पास है।
वाई फाई : टीआरवी एयरपोर्ट पर फ्री वाई फाई सर्विस प्रदान की गई है जहां आप अदानी वनऐप व अदानी वनऐप के बिना भी वाई फाई एक्सेस कर सकते हैं। घरेलू यात्री अपने मोबाइल नंबर और प्रदत्त ओटीपी के माध्यम से कनेक्ट करें और अंतरराष्ट्रीय फोन नंबर है तो जानकारी डेस्क के वाउचर कोड लेकर दर्ज कर वाई फाई सर्विस का उपयोग करें।
खोया पाया : टीआरवी एयरपोर्ट पर सामान खो जाने की दशा में खोया पाया विभाग से संपर्क करें और सामान/वस्तु की पूर्ण जानकारी के साथ जमा कर दें। इसके बाद खोया पाया विभाग टीम वस्तु मिल जाने पर सत्यापन के लिए यात्री को सूचित देगी और सत्यापन हो जाने की दशा में उक्त व्यक्ति को बोर्डिंग पास की प्रति, पासपोर्ट/सरकारी पहचान प्रमाण पत्र की प्रति दिखाना जरूरी है। यदि आप किसी और की वस्तु/सामान के लिए दावा कर रहें हैं तो इन दस्तावेजो के साथ मालिक द्वारा अधिकृत पत्र होना जरूरी है।
विवरण फॉर्म के लिए टीआरवी एयरपोर्ट की ऑफिशियल वेबसाइट पर संपर्क करें।
- खोया पाया विभाग टर्मिनल 1 पर एयरपोर्ट मैनेजर ऑफिस के प्रस्थान क्षेत्र के भूतल पर और टर्मिनल 2 के एयरपोर्ट मैनेजर ऑफिस के पास प्रस्थान गेट के पास है।
- संपर्क समय : किसी भी कार्यदिवस में सुबह 9 बजे से 6 बजे तक।
- संपर्क विवरण : 0471-2702711/10, 0471-2702311
उड़ान स्थिति : अद्यतन उड़ान स्थिति के लिए टीआरवी एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट या अदानी वनऐप के माध्यम से अपडेट लेकर यात्रा की योजना सही तरह से नियोजित कर सकते हैं।
शिशु देखभाल कक्ष : टीआरवी एयरपोर्ट पर शिशुओं की देखभाल के लिए रूम उपलब्ध है।
- टर्मिनल 1 पर एसएसए प्रस्थान क्षेत्र, बैगेज एरिया आगमन, प्रस्थान प्रथम तल पर और टर्मिनल 2 पर प्रस्थान क्षेत्र एसएचए और आगमन बैगेज एरिया के पास हैं।
धूम्रपान लाउंज : तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर धूम्रपान के शौकीन यात्रियों के लिए वातावरण प्रदूषित किए बिना धूम्रपान कक्ष की सुविधा उपलब्ध है जहां वे अपने शौक को पूरा कर सकते हैं।
- टर्मिनल 1 पर सुरक्षा जांच प्रथम तल व प्रस्थान गेट 1 के पास और टर्मिनल 2 पर सुरक्षा जांच के बाद गेट 3, लिफ्ट 3 के पास है।
प्रार्थना कक्ष : तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर प्रार्थना कक्ष में किसी भी धर्म के लोग प्रार्थना ध्यान कर सकते हैं, यहां शांति विश्राम करें और आध्यात्मिक समय बिताएं।
- टर्मिनल 1 के पोस्ट एसएचए पहली मंजिल गेट 3 के पास व टर्मिनल 2 पोस्ट सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र में प्रार्थना कक्ष उपलब्ध हैं।
चेक इन कियोस्क : टीआरवी एयरपोर्ट पर सेल्फ चेक इन कियोस्क के माध्यम से लंबी लाइनों के झंझट से बचते हुए चरण दर चरण स्टेप्स फॉलो करते हुए चेक इन और बोर्डिंग पास प्राप्त कर सकते हैं।
- 6 अंको वाले बुकिंग संदर्भ संख्या दर्ज करते हुए सुरक्षा नियम स्वीकारें एवं मनपसंद सीट चुनें।
- यदि चेक इन बैगेज हैं तो घोषित करें, अंत में बोर्डिंग पास प्रिंट कर प्राप्त करें।
विशेष सहायता :तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर विशेष जरूरतमंद यात्रियों के लिए प्रस्थान प्रवेश गेट पर स्थित काउंटर से व्हील चेअर सहायता उपलब्ध है।
फोन सेवाः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रियों के लिए मुफ्त फोन की सेवा उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर इस सेवा को उपयोग कर सकते हैं।
- टर्मिनल 1 में आगमन व प्रस्थान क्षेत्र में सुरक्षा जांच के बाद गेट 3 व टर्मिनल 2 में प्रस्थान क्षेत्र और आगमन क्षेत्र में इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
मेडिकल सुविधा : तिरूवनंतपुरम हवाई अड्डे पर आपातकालीन चिकित्सा और प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध है। यहां 24/7 एम्बुलेंस सुविधा के साथ अत्याधुनिक तकनीकों से युक्त प्रणाली मौजूद हैं।
- टीआरवी एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर आगमन क्षेत्र चेक इन काउंटर 15 के पास व टर्मिनल 2 पर प्रस्थान द्वार 1 के पास चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
टूरिस्ट काउंटर : केरल घूमना चाहते हैं तो तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर मौजूद पर्यटक काउंटर के माध्यम से दर्शनीय स्थलों की संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
- टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 पर आगमन क्षेत्र गेट नंबर 1 के पास पर्यटक काउंटर है।
एटीएम : टीआरवी एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 के प्रस्थान क्षेत्र गेट नंबर 2 के पास एटीएम सुविधा उपलब्ध है। यहां साउथ इंडियन बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम उपलब्ध हैं।
जानकारी डेस्क : तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर टर्मिनल 2 पर प्रस्थान और आगमन द्वार के पास सूचना डेस्क उपलब्ध है जहां एयरपोर्ट संबंधित किसी भी समस्या के लिए संपर्क कर सकते हैं।
- संपर्क जानकारी : 8714601843
चार्जिंग प्वाइंट : तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर मोबाइल वगैरह चार्जिंग के लिए चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध है।
- टर्मिनल 1 पर सुरक्षा जांच के बाद प्रतीक्षा क्षेत्र में गेट 1,2,3 व 4 पर व टर्मिनल 2 पर सुरक्षा जांच के बाद प्रतीक्षा क्षेत्र व आव्रजन काउंटर के पास गेट 1 व 4 के बीच है।
पार्किंग : तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर पार्किंग सुविधा के लिए पहले से ही बुकिंग कर सकते हैं इसके लिए अदानी वनऐप या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
- पार्किंग की जरूरत अनुसार पैकेज का चयन करें।
- इसके बाद निर्धारित शुल्क भुगतान कर क्यू आर कोड प्राप्त करें।
- एयरपोर्ट पार्किंग काउंटर पहुंचे और क्यूआर कोड स्कैन कर नियत पार्किंग स्थान पर वाहन पार्क करें।
तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : यात्री गाइड
प्रस्थान (एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले)
- घर से निकलने से पहले महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर नज़र रखें
- घरेलू उड़ान से लगभग दो घंटे पूर्व व अंतरराष्ट्रीय उड़ान से लगभग चार घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचे
- सारे जरूरी दस्तावेज ध्यान से संभालकर रखें।
- संभव है तो वेब चेक इन करें।
- उड़ान स्थिति और टर्मिनल जानकारी लें।
एयरपोर्ट पर
- एयरपोर्ट पर मिलने वाली तमाम सारी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा सामान रखने व ले जाने के लिए ट्राली सेवा उपलब्ध है।
- एयरपोर्ट संबंधित किसी सहायता के लिए सूचना डेस्क पर संपर्क करें।
- सुरक्षा की दृष्टि से एंट्री गेट पर पहचान पत्र सत्यापित कराएं।
- यात्री डिजी यात्रा/सेल्फ चेक-इन कियोस्क माध्यम से चेक इन कर सकते हैं और संबंधित एयरलाइन व टर्मिनल की जानकारी हासिल करें और बोर्डिंग पास प्राप्त करें।
- चेक इन काउंटर पर सामान जमा कराएं इसके बाद घरेलू यात्री सुरक्षा जांच और अंतरराष्ट्रीय यात्री आव्रजन काउंटर पर जाएं।
- वेटिंग हॉल में अपनी उड़ान की घोषणा का इंतज़ार करते हुए भोजन पेय व अन्य सुविधाओं का उपभोग करें।
- बोर्डिंग घोषणा होने पर निर्धारित गेट की ओर आगे बढें और विमान पर सवार हों।
आगमन
- विमान से उतरने पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अपने दस्तावेज जैसे पासपोर्ट, वीजा (यदि लागू है) और आगमन कार्ड के साथ तैयार रहें और इमिग्रेशन काउंटर पर जाएं।
- स्क्रीन पर दिखाई जा रही फ्लाइट संख्या के अनुसार सामान बेल्ट पर जाएं और सीमा शुल्क सामान है तो घोषणा करें।
- निर्धारित बैगेज बेल्ट से सामान एकत्रित करें और आगमन निकास द्वार से बाहर निकलें।
पारगमन
अंतरराष्ट्रीय : अंतरराष्ट्रीय उड़ान में पारगमन करने से पहले गंतव्य अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अनुसार वीजा और स्वास्थ्य घोषणा प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक कागज़ात होना अनिवार्य है। कनेक्टड फ्लाइट के मध्य में समयानुसार लाउंज विश्राम, खरीदारी व भोजन का आनंद ले सकते हैं।
घरेलू : घरेलू उड़ान से अन्य घरेलू उड़ान के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए दोनों गंतव्य एयरपोर्ट्स का वैध टिकट होना जरूरी है। इसके अलावा एयरलाइन और राज्य संबंधी सभी नियमों का पालन करना आवश्यक है।
तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : सामान संबंधी नियम व जांच प्रक्रिया
- घरेलू व अंतरराष्ट्रीय यात्री अपने केबिन सामान के साथ सुरक्षा जांच से गुजरें।
- जांच के दौरान इलेक्ट्रानिक उपकरणों और सारे व्यक्तिगत सामान को अलग अलग ट्रे में रखना अनिवार्य हैं।
- हैण्ड लगेज सात किलोग्राम के अंदर होना चाहिए जिसमें लैपटॉप बैग, ओवरकोट, गलीचा, कंबल, कैमरा या दूरबीन, शिशु आहार, फीमेल हैंडबैग, उड़ान के समय पढने की साम्रगी लेकर जा सकते हैं।
- सैटलाइट फोन व ड्रोन को किसी भी तरह के सामान में नहीं ले जा सकते हैं।
- हैण्डबैगेज में तरल पदार्थ, एरोसोल, जैल ले जाना मना है। इसके तहत कंटेनर की तरल मात्रा 100 मिलीलीटर से अधिक न हो और कंटेनर जांच के समय एलएजी यानी जैल को निकालकर अलग से ट्रे में रखना जरूरी है। इसलिए इन्हेंं पुनः सील योग्य बंद प्लास्टिक बैग में रखना जरूरी है।
- विस्फोटक, धारदार, नुकीली वस्तुएं, खेल के सामान, मार्शल आर्ट/आत्मरक्षा सामग्री ले जाना सख्त मना है।
आव्रजन संबंधी सुरक्षा नियम
- अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान आव्रजन जरूरी है इसके तहत प्रस्थान और आगमन दोनों ही परिस्थितियों में चाहे भारतीय नागरिक हों या विदेशी, आव्रजन जांच जरूरी है।
- आगमन और प्रस्थान के समय अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को सुनिश्चित करना है कि आव्रजन के समय उनके पासपोर्ट पर मोहर लगाई गई हो।
- यदि आवश्यक है तो आव्रजन के समय पासपोर्ट के साथ ही वीजा और अन्य दस्तावेज पेश करना जरूरी है।
- यदि किसी कारणवश पासपोर्ट पर आव्रजन मुहर नहीं है तो यात्रा के दौरान होने वाली समस्याओं से बचने के लिए फौरन एएफआरआरओ/एफआरओ/एसपीएस से संपर्क करें।
- आव्रजन संबधी नियमों के बारें में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क करें।
सीमा शुल्क संबंधी नियम
- अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को आव्रजन के बाद बोर्डिंग गेट से पहले सीमा शुल्क घोषणा काउंटर पर जाना जरूरी है।
- भारत से जाते समय आभूषण जैसी महंगी वस्तुओं के लिए पुनः आयात करते समय सीमा शुल्क से बचने के लिए निर्यात प्रमाण पत्र प्राप्त करना जरूरी है, जिसके लिए भौतिक सत्यापन जरूरी है।
- भारतीय अधिकतम 25000 रूपये तक की भारतीय मुद्रा ही अपने साथ ले जा सकते हैं। जहां नेपाल और भूटान के लिए केवल 100 रूपये या उससे कम मूल्यवर्ग के नोट ही ले जा सकते हैं।
- सीमा शुल्क संबंधी अधिक जानकारी के लिए तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क करें।
तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डा : कैसे पहुंचे
टैक्सी/कैब : प्री पेड व ऐप आधारित टैक्सी सेवा उपलब्ध है। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट से आने जाने के लिए दोनों टर्मिनलों पर पिक-अप पॉइंट उपलब्ध हैं।
ऑटो रिक्शा : आप चाहें तो टर्मिनल 1 और 2 के बाहर से ऑटो रिक्शा से भी आवागमन कर सकते हैं।
बस : तिरुवनंतपुरम में बसों के माध्यम से एयरपोर्ट तक आ जा सकते हैं। शहर में कई जगह इन बसों की स्टॉपेज व्यवस्था है जहां से आप रूट नंबर और शुरूआती-प्रस्थान बिंदुओं के अनुसार एयरपोर्ट से कनेक्ट कर सकते हैं।
- बसों के पिकअप प्वाइंट टर्मिनल 1 पर घरेलू टर्मिनल के बाहर है और टर्मिनल 2 पर आगमन पिकअप क्षेत्र पर है।
तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल हवाई अड्डे के आसपास घूमने योग्य स्थल
पद्नाभस्वामी मंदिर : तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग 4 किमी की दूरी पर श्री पद्नाभस्वामी मंदिर है जो हिंदू धर्म का अति प्रसिद्ध और पावन मंदिर है। भगवान विष्णु को समर्पित मंदिर भारत के धनी मंदिरों में गिना जाता है। केरल और द्रविड़ शैली में निर्मित इस मंदिर की वास्तुकला अपनी जटिलता के लिए बेहद प्रसिद्ध और आकर्षित करती है। इस मंदिर के गोपुरम को 16वीं शताब्दी का माना जाता है। हिंदुओं के प्रमुख धार्मिक ग्रंथों जैसे विष्णुपुराण, मत्स्य पुराण, वराह पुराण, पद्म पुराण इत्यादि में इस मंदिर का उल्लेख देखने को मिलता है। यह मंदिर भगवान विष्णु की शयनमुद्रा में विशालकाय अनंत प्रतिमा का प्रतिनिधित्व करता है जो अपने आप में ही बेहद विशेष और प्रभावशाली असर डालती है।
शंखमुखम बीच : तिरूवनंतपुरम में मौजूद यह समुद्री तट अपने शानदार सूर्यास्त परिदृश्यों, सागर कन्या के विशालकाय छवि जिसे मत्स्यांगना मूर्ति भी कहते हैं इसके अलावा तारामछली आकार के रेस्टोरेंट के लिए पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है। इस स्थान को भगवान अनंत देव यानी विष्णु का अराट्टुकदावु माना जाता है। तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट से इस बीच की दूरी लगभग 8 किमी है। गणेश चतुर्थी पर यहां विशेष रूप से गणेश जी का निमार्जन किया जाता है।
अट्टुकल भगवती मंदिर : देवी भद्रकाली को समर्पित यह मंदिर तिरूवनंतपुरम का बेहद प्रसिद्ध स्थान है जिसे महिलाओं का सबरीमाला नाम से भी पुकारा जाता है। यहां मनाए जाने वाले 10 दिवसीय अट्टुकल पोंगाला उत्सव महिलाओं की सबसे बड़ी धार्मिक सभा के रूप में प्रसिद्ध है जिसका जिक्र गिनीज वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड में भी दर्ज है। तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट से इस मंदिर की दूरी लगभग 4-5 किमी है।
कोवलम बीच : अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अर्धचंद्राकार समुद्री तट कोवलम केरल का प्रमुख आकर्षण हैं जहां तीन ओर से घिरे समुद्री तट और स्वच्छ जल की शोभा, चट्टानी परिदृश्य के बीच शांत खाड़ी बनाती है। आयुर्वेदिक मसाज, स्पा, रिसॉर्ट के साथ ही यहां शॉपिंग जोन भी पर्यटकों को लुभाता है। यहां आसपास कई सारे प्राकृतिक आकर्षणों को निहार सकते हैं जैसे वेलयानी झील, करमाना नदी, विझिंजम रॉक कट गुफाएं और स्थानीय कारीगरों की शानदार व कुशल शिल्प का दीदार कर सकते हैं। कोवलम बीच की तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दूरी लगभग 15 किमी है।
तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : अंतिम विचार
तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा केरल का प्रसिद्ध एयरपोर्ट है जो राजधानी तिरूवनंतपुरम को एक्सप्लोर करने के शानदार विकल्प के साथ ही अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और पारगमन यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराता है। वेब चेक-इन, डिजी यात्रा, ई गेट, वैले, पार्क एंड फ्लाई पार्किंग और कई सारी अत्याधुनिक सुख सुविधाओं को प्रदान करता है। भविष्य की योजनाओं पर अग्रसर तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट समय के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के प्रत्येक क्षेत्र में खुद को नवीन और सहज बनाते हुए मानवीय व भावनात्मक रूप से भी यात्रियों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।
तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रा के दौरान अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1ः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की शहरी केंद्र से कितनी दूरी है ?
उत्तर 1ः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की शहरी केंद्र से दूरी लगभग 3.7 किमी है।
प्रश्न 2ः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कितने यात्री टर्मिनल हैं ?
उत्तर 2ः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो यात्री टर्मिनल हैं,
प्रश्न 3ः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाइ्र्र अड्डे पर टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 के मध्य आवागमन करने के लिए क्या सुविधा है ?
उत्तर 3ः तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 के मध्य आवागमन करने के लिए प्रीपेड टैक्सी की सुविधा उपलब्ध है।
प्रश्न 4ः क्या तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाउंज सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 4ः जी हां, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनो ंतरह के यात्रियों के लिए लाउंज सुविधा है। टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 पर सुरक्षा जांच के बाद लाउंज उपलब्ध हैं। इसके अलावा टर्मिनल 2 पर सुरक्षा जांच के बाद बिजनेस, फर्स्ट और प्रीमियम श्रेणी के अन्तर्गत अदानी लाउंज सुविधा भी उपलब्ध है।
प्रश्न 5ः क्या तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर धूम्रपान कक्ष और शिशु देखभाल कक्ष सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 5ः जी हां, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर धूम्रपान कक्ष और शिशु देखभाल कक्ष सुविधा उपलब्ध है।
प्रश्न 6ः क्या, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा के माध्यम से चेक इन कर सकते हैं ?
उत्तर 6ः जी हां, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर घरेलू यात्री डिजीयात्रा के माध्यम से फेस रिकग्निशन सुविधा के तहत चेक इन कर सकते हैं।
प्रश्न 7ः क्या, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर वेब चेक इन सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 7ः जी हां, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर वेब चेक इन सुविधा उपलब्ध है। इसके अन्तर्गत आप एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले ही चेक इन प्रक्रिया संपूर्ण कर सकते हैं।
प्रश्न 8ः तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक कौन सा भव्य मंदिर स्थित है ?
उत्तर 8ः तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लगभग 4 किमी दूरी पर पद्नाभस्वामी मंदिर स्थित है।
प्रश्न 9ः तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वैले पार्किंग सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 9ः जी हां, तिरूवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वैले पार्किंग सुविधा टर्मिनल 1 व टर्मिनल 2 दोनों पर ही उपलब्ध है।
प्रश्न 10ः क्या तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुफ्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध है ?
उत्तर 10ः जी नहीं, तिरूवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुफ्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं है। सशुल्क कार पार्किंग के लिए आप अदानी वनऐप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
हमसे संपर्क करें






