दिल्ली, एक ऐसा शहर जो अपनी विविधताओं और जीवंत उदाहरणों के लिए जाना जाता है। यहां का हर कोना एक विशेष आकर्षण लिए हुए हैं। यहां की वास्तुकला, स्थापत्यकला और अन्य विशेषताओं के साथ यहां मौजूद बाजारें खास महत्व रखती हैं। जो देश में ही नहीं वरन् विदेशों तक मशहूर है, शॉपिंग प्रेमियों के लिए दिल्ली जन्नत जैसा है, अगर आप भी दिल्ली में शॉपिंग करना चाहते हैं तो यहां दिल्ली के 15 प्रसिद्ध बाज़ारों के बारें में बता रहे हैं, जो शॉपिंग करने में आपके काम आएगी।
एशिया के सबसे बड़े और सबसे प्रसिद्ध बाज़ारों में से एक सरोजिनी मार्केट, दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव और चाणक्यपुरी के आसपास स्थित है। मुख्यतः यह बाजार महिलाओं से जुड़ी जरूरतों के लिए ज्यादा जाना जाता है। यह उन सभी खरीदारों का ध्यान आकर्षित करता है जो ब्रांडेड, ट्रेंडी और किफा़यती दामों में कपड़ें खरीदना पसंद करते हैं। यह बाजार कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के साथ साथ फैशनेबल लोगों की भी पसंदीदा लिस्ट पर रहता है। यहां का स्ट्रीट फूड भी लाजवाब रहता है मोमोज, गोलगप्पे, चाट, और भी बहुत कुछ आप यहां एन्जॉय कर सकते हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः सरोजिनी नगर थोड़ी ही दूरी पर, पैदल या रिक्शे से जा सकते हैं।
खरीदने योग्य सामानः फैशनेबल कपड़े, गृह सज्जा आईटम, फुटवियर, सन ग्लासेज, मेकअप व स्किनकेयर आईटम।
दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी भाग की तरफ स्थित कमला नगर मार्केट, सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे शहर से आने वाले खरीदारों की विशेष पसंद रहती है। यहां बढ़िया क्वालिटी वाली चीज़ आप रियायती दरों पर खरीद सकते हो। जिसमें मोल तोल का तड़का भी लगा सकते हैं। ब्रांडेड शॉप से लेकर बार्गेन रोड साइड स्टोर्स का मिश्रण हैं। मार्केट का कोई भी नया ट्रेंड कमला नगर मार्केट में आपको आसानी से मिल जाएगा। महिलाओं से जुड़ी अधिकतर वस्तुएं यहां उपलब्ध रहती हैं। यह मार्केट फैशनेबल वियर्स रियायती रेंज के साथ उपलब्ध कराता है। स्ट्रीट फूड्स का आनंद ले सकते हैं जिसमें दक्षिण भारत और उत्तर भारत की फेमस डिश्स आसानी से मिल जाएगी।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः विश्वविद्यालय, जहां से कमला नगर मार्केट के लिए रिक्शा मिल जाएंगे।
खरीदने योग्य सामानः डेलीवियर रेंज, फैशन एसेसरीज, बैग्स, और फैशनेबल परिधानों के लिए प्रसिद्ध
दिल्ली ही नहीं वरन् पूरे भारत के सबसे व्यस्ततम बाज़ारों में से एक चांदनी चौक बहुत ही प्रसिद्ध बाज़ार है। यहां लज़ीज़ व्यंजन और मिठाइयों की वैराइटी हजारों की संख्या में उपलब्ध है। ऐतिहासिक महत्व के साथ वाणिज्य, पाककला और संस्कृति का अद्भुत संगम लिये हुए है। संकरी गलियों, कूचों से तय होकर निकलता यह बाज़ार बहुत सी चीजों के लिए प्रसिद्ध है, कहीं सोने चांदी की चमक, कहीं लहंगो, साड़ियों के आकर्षण। महिलाओं की पोशाकों से जुड़ी लेस, बॉर्डर, मोती, लटकन, बटन की थोक बाजार। चांदनी चौक कई बाजारों का सम्मिश्रण हैं जो अलग अलग नामों से जानी जाती है, जहां थोक मसाला बाजार, अलंकृत आभूषण, खूबसूरत इत्र की महक, इलेक्ट्रानिक्स, बर्तन लगभग सारी बाजारें उपलब्ध हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः चांदनी चौक, यहां से निकलते ही आप चांदनी चौक का आनंद ले सकते हैं।
खरीदने योग्य सामानः खूबसूरत ब्राइडल लंहगे, साड़ियां, सोने चांदी या आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मेवा मसाले, स्टेशनरी आदि।
अगर आप दिल्ली शॉपिंग करने के उद्देश्य से आते हैं तो सी पी आना कैसे मिस कर सकते हैं। दिल्ली के शॉपिंग हब के नाम से मशहूर यह जगह घूमने के लिए भी बहुत खूबसूरत है। व्यवस्थित बाजारों में से एक सीपी परिसर में ही कनॉट सर्किल है, जिसे तीन भागों में वर्गीकृत किया गया है, इनर, मिडिल और आउटर सर्किल। इनर सर्किल दिल्ली में खरीदारी करने के लिए सबसे अच्छी जगह है। वैसे सीपी बाजार को एक विशेष वर्ग के लिए माना जाता है, लेकिन कनॉट प्लेस पुराने, नए, ब्रांड और पिस्सू बाज़ारों का संगम है। इनर सर्किल में हर ब्रांड की शॉप आपको मिल जाएगी,चाहे वो स्टोर्स भारतीय ब्रांड के हो या अंतराष्ट्रीय ब्रांड्स के।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः राजीव चौक है।
खरीदने योग्य सामानः विभिन्न ब्रांड्स के आउटलेट के लिए प्रसिद्ध यह बाजार और स्ट्रीट वेंडर्स जिनसे आप आभूषणों की नकल खरीद सकते हैं।
कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्किल के बीच मीडियम सर्किल जो भारत का पहला वातानुकूलित अंडरग्राउड मार्केट है, पालिका बाजार कहलाता है। यहां कुल सात गेट हैं, जिसमें लगभग 380 दुकानें हैं जो विभिन्न प्रकार की वस्तुएं विक्रय करती हैं। यह बाजार विदेशी सैलानियों को भी आकर्षित करता है। इस बाज़ार में आपको सौदेबाजी का हुनर बखूबी आना चाहिए। चाहे वो इलेक्ट्रानिक गैजेट्स हों, कपड़े हों, फैशन एक्सेसरीज हों या लाइफस्टाइल उत्पाद हों, यहां सब कुछ उपलब्ध है। यहां अधिकतर सारे सामान मिलते हैं बस आपको मोल भाव करना आना चाहिए।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः राजीव चौक, कनॉट प्लेस के मीडियम सर्किल में स्थित है।
खरीदने योग्य सामानः सस्ते इलेक्ट्रानिक सामान और ट्रेंडी कपड़े आप आसानी से खरीद सकते हो।
जनपथ मार्केट तिब्बती बाजार, गुजराती लेन, मुख्य बाजार, और कबाड़ी मार्केट है, जहां आप हस्तनिर्मित वस्तुएं, कंबल, गुजराती संस्कृति के सामान, मुख्य बाजार फैशनपरस्त लोगों के लिए पसंदीदा जगह है जहां रेट कुछ हाई हो सकते हैं जो उसकी गुणवत्ता के अनुसार हैं। कबाड़ी बाजार आपके लिए मोल भाव के हुनर को परखने का उपयुक्त बाजार हैं, यहां सस्ते दामों पर फैशनेबल कपड़े, एसेसरीज मिल सकती हैं। बैग्स वगैरह की भी अच्छी रेंज उपलब्ध है। खूबसूरत नाइटगाउन्स भी आप यहां से खरीद सकते हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः जनपथ है।
खरीदने योग्य सामानः यहां आप तिब्बती हस्तशिल्पी वस्तुएं, गुजराती साड़ी, दुपट्टा, बैग, फैशनेबल फुटवियर्स व कपड़े खरीद सकते हैं।
पुरानी दिल्ली की थोक बाज़ारों में से एक सदर बाज़ार बहुत भीड़भाड़ वाला बाज़ार है। यह बहुत बड़ा पटरी बाजार भी है, जहां खुदरा बिक्री भी होती है। वो सारे सामान जिनका रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होता है, यदि उसे आप थोक भाव से चाहते हैं, इसके लिए सदर बाजार उपयुक्त है। जैसे ही त्योहारी मौसम आता है, यह बाजार खुद को उसी के हिसाब के ढालने वाली थोक दुकानों से सज जाता है। खरीदने की सूझ बूझ से आप यहां भारत में सबसे सस्ता सामान खरीद सकते हैं। देखने में छोटी छोटी दुकानों से आप कितनी भी क्वांटिटी में सामान ले सकते हैं, बहुत सारी वैराइटी और रेंज के साथ। रविवार को मुख्य सदर बाजार बंद रहता है लेकिन यहां बहुत बड़ा पटरी बाजार लगता है और इस दिन यहां खुदरा खरीदारों की भारी भीड़ होती है। प्रमुख प्रमुख वस्तुओं वर्ग से जुड़े बाजार यहां गलियों के हिसाब से बंटे हुए हैं। जैसे कॉस्मेटिक, क्रॉकरी, साज सज्जा इत्यादि। सदर बाजार से कई अन्य प्रमुख बाजार सटे हुए हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः तीस हज़ारी या चांदनी चौक, सदर बाजार के लिए ई रिक्शा उपलब्ध रहते हैं।
खरीदने योग्य सामानः कॉस्मेटिक, क्रॉकरी, त्योहार प्रमुख वस्तुएं,बच्चों के खिलौने, बैग्स की सभी वैराइटी इत्यादि।
वोकल फॉर लोकल मंत्र को साकार करता दिल्ली हाट, ग्रामीण लोक संस्कृतियों कलाओ और शहरी परिवेश का अद्भुत संगम है, जहां भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता और सहेजता एक उल्लेखनीय कदम है। यहां की शिल्पकला देखने में बहुत खूबसूरत है, साथ ही पाककला भी बेजोड़ है। दिल्ली हाट ग्रामीण रचनात्मकता का उत्कृष्ट स्थान है जो दिल्ली में तीन अलग अलग मंचों पर है- सबसे लोकप्र्रिय आईएनए बाजार के सामने है, दूसरा पीतमपुरा में है, और तीसरा जनकपुरी में है। दिल्ली हाट पारंपरिक कौशल, असीम रचनात्मकता और विरासत का मेल है, यह ग्रामीण कारीगरों और शिल्पकारों को सशक्त बनाने वाले मंच के रूप मे अपनी अनोखी भूमिका निभाता है।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः दिल्ली हाट आईएनए।
खरीदने योग्य सामानः क्षेत्रीय हस्तशिल्प वस्तुएं, हाथ से बुने हुए कालीन, काष्ठशिल्प और पीतल के कला के नमूने, पारंपरिक आभूषण, रेशमी साड़ी और भी आकर्षक यूरोपीय फैशन के कपड़े।
यह बाजार सस्ते इलेक्ट्रानिक सामान के लिए देश भर में मशहूर है। इस बाजार का नाम ‘अब्दुल गफ्फार खान’ के नाम पर पड़ा है जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, इन्हें सीमांत गांधी के नाम से भी जानते हैं। करोल बाग अवस्थित इस बाजार में तंग गलियों में बहुत ही सस्ते सामान मिल जाते हैं, यहां उत्पादों की सेंकेड हैंड कॉपी या डुप्लीकेट बहुत ही कम दामों में मिल जाती है। यहां आपको थोड़ा सावधानी से खरीदारी करनी होगी। डुप्लीकेट या कॉपी अधिकतर सभी महंगे उत्पादों की मिल जाती है। यहां आप अपने लैपटॉप, फोन रिपेयर भी करवा सकते हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः करोल बाग है, जहां से गफ्फार मार्केट के लिए ई रिक्शा मिलते हैं।
खरीदने योग्य सामानः गैजेट्स जैसे एंड्राइड, एप्पल के मोबाइल्स, ब्रांडेड घड़ियां एवं अन्य सस्ते इलेक्ट्रॉनिक्स सामान
दिल्ली के पश्चिमी भाग में अवस्थित करोल बाग बाज़ार हमेशा खरीदारों से गुलजार रहता है। असीमित श्रेणी की चीजों के लिए प्रसिद्ध यह बाजार कई बाजारों का संकलन है। यहां आपको कई दुकानें मिल जाएंगी जो ब्रांडेड कपड़ों को रियायती दामों पर बेचती हैं, कस्टम शॉप नाम से प्रसिद्ध इन दुकानदारों का कहना होता है कि वे कस्टम द्वारा जब्त किए गए सामान को बेचते हैं, जिनकी रीयल वैल्यू ज्यादा होती है। सस्ती कीमत पर आप विदेशी परफ्यूम खरीद सकते हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः करोलबाग है।
खरीदने योग्य सामानः ब्रांडेड कपड़े, डेलीवियर गारमेंट, विशेषतः शादी वगैरह की शॉपिंग के लिए लोकप्रिय बाज़ार
खान मार्केट शॉपिंग के लिए महंगे खुदरा बाजारों में से एक है। इस बाज़ार का नाम सीमांत गांधी के बड़े भाई खान अब्दुल जब्बार खान के नाम पर रखा गया है, यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। समृद्ध बाजारों की लिस्ट में शामिल यह बाजार क्वालिटी से कभी कोई समझौता नहीं करता इसीलिये प्राइसेस हाई रहते हैं। यहां विभिन्न प्रकार की दुकानें, रेस्तरां, कैफे, बुक स्टोर्स, स्पा, सैलून आदि हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः खान मार्केट है।
खरीदने योग्य सामानः लग्ज़री लाइफस्टाइल संबंधित गुड्स, ज्वेलरी, हाथ से छपे और प्राकृतिक कपड़ों से बने परिधान, किताबें और डिजाइनर कपड़े वगैरह आदि आप यहां से खरीद सकते हैं।
यह बाजार लाल किले के पास, चांदनी चौक के पश्चिमी छोर पर स्थित है और सालों से सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 17वीं सदी से संचालित एक ऐतिहासिक बाजार की नींव शेरशाह सूरी के बेटे इस्लाम शाह के शासनकाल के दौरान ख्वाजा अब्दुल्ला लाजर कुरैशी ने रखी थी। यहां अभी भी कई दुकानें अपने सीरियल नंबर से जानी जाती है। एशिया के सबसे बड़े थोक मसाला बाजार होने के साथ एक महत्वपूर्ण और व्यस्त वाणिज्यिक जिला भी है।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः चांदनी चौक है।
खरीदने योग्य सामानः सूखे मेवे, मसाले इत्यादि।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर स्थित इस मार्केट का नाम पहाड़गंज इसलिए पड़ा क्योंकि ये रायसीना हिल पर बने राष्ट्रपति भवन के पास स्थित है। चहल पहल भरा माहौल, कपड़ों की विविध श्रृंखलाओं के साथ स्ट्रीट फूड्स की भी सीरीज उपलब्ध है। पहाड़गंज बजट यात्रियों और बैकपैकर्स के लिए दिल्ली का फेवरेट प्लेस है क्योंकि यहां कई होटल और गेस्ट हाउस हैं। जिन्हें आप अपनी सुविधानुसार सिलेक्ट कर सकते हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन से वॉकिंग डिस्टेशन्स पर
खरीदने योग्य सामानः कपड़े, इलेक्ट्रानिक सामाना, सुविधानुसार होटल या गेस्टहाउस में रूम बुक करने हेतु प्रसिद्ध
अगर आप पुस्तक प्रेमी है तो रविवार को लगने वाला दरियागंज का महिला हाट आपको बहुत पसंद आएगा। खुले आसमान के नीचे यहां हर तरह की किताबें आपको आसानी से मिल जाएगी। विश्व, भारत या किसी राज्य का मैप आपको कम दाम में यहां मिल जाएगा। छोटे बड़े आकार के ग्लोब रियायती दरों पर खरीद सकते हैं। स्टेशनरी संबंधित लगभग सभी चीजें आपको यहां से क्रय कर ला सकते हैं।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः दिल्ली गेट है
खरीदने योग्य सामानः किताबें, ग्रन्थ या उपन्यास और अन्य स्टेशनरी संबंधी वस्तुएं
दक्षिण दिल्ली का प्रसिद्ध और लोकप्रिय मार्केट लाजपत नगर अपने रियायती दरों के सामानों और स्ट्रीट फूड्स के लिए जाना जाता है। सौदेबाजी शिष्टाचार के साथ मोल भाव करते हुए खरीदारी कर सकते हैं। यहां भीड़भाड़ वाला माहौल रहता है, कृपया धैर्य और शांति के साथ खरीदारी करें।
निकटतम मेट्रो स्टेशनः लाजपत नगर के नजदीक
खरीदने योग्य सामानः पारंपरिक वृस्त्र, कैजुअल वियर, फुटवियर्स, एसेसरीज, गृह साज सज्जा आईटम, और आप यहां मेंहदी भी लगवा सकते हैं।
शॉपिंग, जिसे सबसे प्रिय शौक माना जाता है और जरूरत भी और बात करें अगर दिल्ली शहर के बाज़ारों की तो, यह विभिन्नता और क्रियाशीलता के पहलू हैं। इन बाजारों का हर रंग, स्टाइल, डिजाइन, अंदाज और संस्कृति़ अपने आप में विशेष है। जहां खरीदारी करते समय स्ट्रीट फूड्स खाने का आनंद ही कुछ और है। दिल्ली घूमने निकले तो इन बाजारों की गतिशीलता को देखने की कोशिश करें, जहां रोजमर्रा की सारी जरूरतों से लेकर लग्ज़री सुविधाओं के सारे सामान और सुविधाएं उपलब्ध हैं।