- Jun 17, 2025
चार धामों में से एक केदारनाथ भगवान शिव का ऐसा अनूठा धाम है जो 12 ज्योतिर्लिंगों में से भी एक है। हिंदू धर्म के कई पुराणों और ग्रन्थों में केदारनाथ धाम की महिमा और महत्व के बारें में बताया गया है। आध्यात्मिकता को उच्च शिखर पर ले जाता केदारनाथ धाम हिमालय के पवित्र मनोरम वातावरण में मुकुट मणि के रूप में सुशोभित है। प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोए यह तीर्थस्थल अपनी दिव्य अनुभूति से श्रद्धालुओं को हमेशा सिंचित करता है। यदि आप भी धार्मिकता और प्रकृति के अनोखे संगम को फील करना चाहते हैं तो केदारनाथ यात्रा से जुड़े हर एक पहलू पर विस्तार से जानते हैं इस ब्लॉग में
केदारनाथ मंदिर का ऐतिहासिक महत्वः उत्पत्ति, महत्ता और मान्यताएं
उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ चार धामों में से सबसे दूर स्थित इस धाम का जिक्र कई जगह देखने को मिलता है।
- सबसे पहले स्कंद पुराण में वर्णित है, जहां भगवान शिव ने सबसे पहले अपनी जटाओं से मां गंगा के पवित्र जल को छोड़ा था, जिसके फलस्वरूप गंगा नदी का निर्माण हुआ।
- केदारनाथ की सबसे प्राचीन उत्पत्ति इसी स्थान पर नर और नारायण की तपस्या से मिलती है जहां इनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने दर्शन दिए और जन्म जन्मांतर के लिए केदारनाथ के रूप में यही बस गए।
- पांच पांडवों से जुड़ी यह कहानी इस प्रकार है- महाभारत युद्ध के बाद पांडव आत्मग्लानि और हत्या दोषों के पाप से मुक्ति पाने हेतु भगवान शिव के दर्शन और उनसे क्षमा मांगने हेतु इस स्थान पर आए। उन्हें देखकर भगवान शिव बैल का रूप बनाकर जमीन के अंदर धंसने लगे। पांच पांडवों में से एक भीम ने उन्हें बैल स्वरूप में खुद को बदलते देख लिया और जब वह जमीन के अंदर जाने लगे तो भीम ने पूरे बल के साथ बैल की पूंछ पकड़ ली। जिससे बैल का पृष्ठ भाग धरती के ऊपर रह गया। भगवान शिव के इसी स्वरूप की पूजा केदारनाथ धाम के नाम से प्रसिद्ध हुई।
- मान्यता है कि आदि शंकराचार्य की मृत्यु इसी धाम के पहाड़ों के पास हुई थी, जिसके स्मारक खंडहर अवशेष केदारनाथ में चिन्हित है। इस तीर्थ का उल्लेख गढ़वाल कृत्य-कल्पतरु में भी मिलता है।
- शास्त्रों में केदारनाथ का उल्लेख महाभारत, लिंग पुराण, वामन पुराण, पद्म पुराण, कूर्म पुराण, गरूड़ पुराण, सूर्य पुराण और शिव पुराणों के तहत मिलता है जिसमें केदारनाथ क्षेत्र के दर्शन करना, वहां रहना और उनका स्पर्श करना, संपूर्ण पापों को खत्म करने वाला बताया गया है और मृत्यु उपरान्त उस जीवात्मा को शिवलोक की प्राप्ति होती है। केदारेश्वर लिंग अन्य शिवलिंग की तरह नहीं है, वरन् एक बैल के कूबड़ की तरह प्रतीत होने वाली पवित्र शिला है।
केदारनाथ यात्रा का पंजीकरणः
पंजीकरण प्रक्रिया ऑफलाइन या ऑनलाइन तरह से संपन्न की जा सकती हैं। दोनों ही प्रक्रियाओं के लिए कुछ दस्तावेजों का होना आवश्यक है।
आवश्यक दस्तावेजः
- पहचान प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज की फोटोज़
- मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी
- आपातकालीन संपर्क विवरण
ऑफलाइन प्रक्रियाः
- इसके लिए आपको हरिद्वार, सोनप्रयाग, ऋषिकेश और बड़कोट सहित विभिन्न जगहों पर बने निश्चित काउंटरों पर जाकर केदारनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण कराना चाहिए। पूछी गई जानकारी के साथ फॉर्म भरें और वैलिड आईडी की जमाप्रति संलग्न करें।
ऑनलाइन प्रक्रियाः
- उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की वेबसाइट पर जाएं
- पोर्टल पर यात्रा के लिए रजिस्टर करें,
- यात्रा विवरण में केदारनाथ यात्रा चुनें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरे
- अपना आधार कार्ड सत्यापित करें
- फॉर्म पूरा कर समबिट कर दें और आपको एक कंर्फेशन मैसेज के साथ रजिस्ट्रेशन नंबर मिल जाएगा
- प्रिन्टआउट निकलवा कर अपने साथ यात्रा पर ले जाएं।
केदारनाथ यात्रा का रोडमैपः
केदारनाथ दर्शन सिर्फ साल के कुछ महीनों में ही होते हैं अन्य महीनों में मौसम संबंधी परिस्थितियों के रहते कपाट बंद रहते हैं। केदारनाथ यात्रा को किस तरह संपन्न करें, आइए जानते हैं केदारनाथ यात्रा का फुल रोडमैप
केदारनाथ यात्रा चार धाम यात्रा में से एक ऐसा तीर्थ हैं जिसकी यात्रा सबसे दुर्गम और कठिन है। आप अपनी सुविधानुसार हेलीकॉप्टर से भी इस यात्रा को पूरा कर सकते हैं, जिसकी बुकिंग आपको पहले से करनी होगी क्योंकि ऐन मौके पर सुविधा मिल पाना थोडा मुश्किल हो सकता है।
हवाई मार्ग द्वाराः
- हवाई मार्ग से निकटतम हवाई अड्डा देहरादून में जॉली ग्रांट हवाई अड्डा है। यहां से आप कैब बुक कर या बस की मदद से केदारनाथ के निकट गौरीकुंड तक पहुंच सकते हैं और वहां फाटा हैलीपैड से हेलीकाप्टर माध्यम से केदारनाथ यात्रा कर सकते हैं। गौरीकुंड से केदारनाथ हेलीकाप्टर सेवा, फाटा या गुप्तकाशी हैलीपैड से उपलब्ध है।c
सड़क मार्ग द्वाराः
सड़क मार्ग से यात्रा करना दुर्गम प्रतीत होता है लेकिन अगर आप शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं तो थोड़ी सी बेहतर तैयारी के साथ आप अपनी यात्रा संपन्न कर सकते हैं।
- केदारनाथ जाने के लिए सबसे पहले आपको हरिद्वार या ऋषिकेश पहुंचना होगा।
- हरिद्वार या ऋषिकेश से सोनप्रयाग की यात्रा बस से या टैक्सी बुक करके कर सकते हैं।
- सोनप्रयागप हुंचने के बाद आपको गौरीकुंड की यात्रा करनी होगी जिसके लिए आपको आसानी से साधन मिल जाएंगे।
- गौरीकुंड से केदारनाथ की यात्रा 16 किमी सड़क मार्ग की है जो आपको पैदल या किसी पालकी, खच्चर के माध्यम से तय करनी होगी जिसका रास्ता इतना आसान नहीं है।
- हरिद्वार और ऋषिकेश से केदारनाथ की दूरी लगभग 230 से 250 किलोमीटर है।
केदारनाथ यात्रा की महत्वपूर्ण तिथियां
केदारनाथ एक तय समय से शुरू होकर तय समय में बंद हो जाती है जिसको शुभ घड़ी मूहुर्त के हिसाब से निश्चित किया जाता है।
केदारनाथ मंदिर खुलने की तिथिः
केदारनाथ मंदिर कपाट खुलने की तारीख अक्षय तृतीया तिथि पर निश्चित होती है, जो वैशाख महीने में शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। अक्षय तृतीया वाले दिन केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी मंदिर के कपाट खुलने की तारीख की घोषणा करते हैं। वर्ष 2025 में यह तारीख 2 मई को निर्धारित की गई है। इस दिन से यह यात्रा अगले छह माह तक जारी रहेगी।
केदारनाथ मंदिर बंद होने की तिथिः
दीवाली त्योहार के बाद आने वाली भाई दूज की तिथि पर केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद कर दिये जाते हैं जो सर्दियों की तैयारी के चलते जरूरी होता है और इस बार यह त्योहार 23 अक्टूबर को होने के कारण केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने की निश्चित तारीख 23 अक्टूबर 2025 है।
| केदारनाथ मंदिर कपाट खुलने की तारीख | 02 मई 2025, शुक्रवार |
| केदारनाथ मंदिर बंद होने की तारीख | 23 अक्टूबर 2025, गुरूवार |
केदारनाथ मंदिर में दर्शन और आरती समय क्रमः
- प्रातः 4 बजे मंगलाचरण महाभिषेक से शुरू होकर पूजा अनुष्ठान आरंभ हो जाते हैं।
- सामान्य दर्शनों के लिए मंदिर सुबह 7 बजे से खोला जाता है जो दोपहर 3 बजे तक खुला रहता है।
- सायं 6 बजे से 7 बजे तक भगवान शिव की आरती पूजा होती है और 8ः30 बजे रात तक मंदिर के पट खुले रहते हैं उसके बाद पट अगली सुबह खुलते हैं।
- दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक पट बंद रहते हैं।
- मंदिर में शिव सहस्त्रनाम, विभिन्न पूजा अनुष्ठान, षोडशोपचार पूजा, महिमा स्तोत्र पाठ अन्य स्तोत्र पाठों के साथ भगवान शिव की विशेष आरती भी होती है।
केदारनाथ मंदिर जाते समय बरतने वाली सावधानियांः
- स्वास्थ्य संबंधी जांच अवश्य करवायें
- पंजीकरण और जरूरी दस्तावेज साथ रखें
- जरूरी दवाईयां डाक्टरी परामर्श पर्चे के साथ संभाल कर रखें
- रात के समय होने वाले सर्द मौसम के अनुसार कपड़ें अवश्य रखें
निष्कर्षः
केदारनाथ यात्रा महज सिर्फ यात्रा नहीं है, यह एक आध्यात्मिक अनुभव है। दिव्य आभास की अनुभूति कराता सुरम्य वातावरण, हिमालय की गोद में बसता सुकून का एहसास, जहां की यात्रा व्यक्ति को जन्म मरण के बंधन से मुक्त करा देती है। केदारनाथ की महिमा का स्पष्ट प्रमाण तो साल 2013 में आई त्रासदी के समय मिलता है जब मंदिर को किसी विशाल शिला ने आकर ऐसा संभाला कि इस मंदिर और इसमें मौजूद लोगों को कोई हानि नहीं हुई, कुदरत के इस चमत्कार साक्षात देखा गया है।
केदारनाथ मंदिर की यात्रा के सबंध में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नोत्तरः
प्रश्नः केदारनाथ मंदिर किस भगवान को समर्पित मंदिर है?
उत्तरः केदारनाथ भगवान शिव को समर्पित प्रसिद्ध मंदिर है।
प्रश्नः क्या केदारनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंग में से एक है?
उत्तरः हां, केदारनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।
प्रश्नः केदारनाथ मंदिर के कपाट वर्ष 2025 में कब से खुल रहा है?
उत्तरः केदारनाथ मंदिर के कपाट वर्ष 2025 में 2 मई से खुल रहा है।
प्रश्नः केदारनाथ मंदिर के कपाट 2025 में कब से बंद हो रहे हैं?
उत्तरः केदारनाथ मंदिर के कपाट 2025 में 23 अक्तूबर से बंद हो रहे हैं।
प्रश्नः केदारनाथ यात्रा गौरीकुंड से कितनी किलोमीटर पर स्थित है?
उत्तरः केदारनाथ यात्रा गौरीकुंड से लगभग 16 किलोमीटर पर स्थित है।
प्रश्नः केदारनाथ यात्रा किन माध्यमों से पूरी की जा सकती है?
उत्तरः केदारनाथ यात्रा पैदल, पालकी, खच्चर या हेलीकॉप्टर माध्यम से पूरी की जा सकती है।
प्रश्नः केदारनाथ उत्तराखंड के किस जिले में अवस्थित है?
उत्तरः केदारनाथ उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में अवस्थित है।
प्रश्नः क्या केदारनाथ यात्रा पर जाने से पहले रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है?
उत्तरः हां जी केदारनाथ दर्शन करने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।
प्रश्नः केदारनाथ यात्रा पर जाने से पहले क्या क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
उत्तरः केदारनाथ यात्रा पर जाने से पहले स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाएं और डॉक्टरी पर्चा यदि है तो साथ रखना चाहिए और यदि आप पैदल यात्रा करने वाले हैं तो पहले से ऊंचाई पर चलने वाले व्यायामों का अभ्यास करें।
प्रश्नः क्या केदारनाथ यात्रा साल में कभी भी की जा सकती है?
उत्तरः नहीं, यह केवल एक नियत समय के दौरान ही की जा सकती है जो अप्रैल मई से लगभग अक्टूबर नवंबर तक चलती है।
हमसे संपर्क करें







